इटावा में गुवाहाटी से दिल्ली जा रहे 55 वर्षीय यात्री की नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री की हालत खराब होने पर ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रोका गया। यहां स्वास्थ्य सहायता की व्यवस्था कर यात्री को ट्रेन से उतारा गया और एंबुलेंस की मदद से शुक्रवार रात करीब 8 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मेघालय के जेनविया हिल्स, जोवाई निवासी अमित अपनी बेटी सफलता के साथ नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के बी-6 कोच में सफर कर रहे थे। दोनों गुवाहाटी से दिल्ली अपनी बहन के घर जाने के लिए निकले थे। अमित मेघालय में निजी चाय की दुकान चलाते हैं। यात्रा के दौरान इटावा पहुंचने से पहले अचानक अमित की तबीयत खराब हो गई। बेटी सफलता ने इसकी जानकारी ट्रेन स्टाफ को दी। सूचना मिलने के बाद इटावा जंक्शन पर यात्री के लिए स्वास्थ्य सहायता की व्यवस्था की गई। ट्रेन के इटावा जंक्शन पहुंचते ही अमित को नीचे उतारा गया। अस्पताल में उनके साथ मौजूद इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी जांच कर प्राथमिक उपचार शुरू किया और हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया। अमित के भर्ती होने के बाद उनकी बेटी सफलता अस्पताल में उनके साथ मौजूद रही। रेलवे और अस्पताल की ओर से यात्री की स्थिति पर नजर रखी गई। ईएमटी सौरभ गुप्ता ने बताया कि ट्रेन में सफर कर रहे एक मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इमरजेंसी में उनका उपचार किया जा रहा है। मरीज की हालत स्थिर है।

