चूरू शहर के नया बस स्टैंड पर अलमारी का ताला तोड़कर चोर एक मोबाइल और करीब 1500 रुपए नकद ले गए। घटना का पता शुक्रवार सुबह चला, जब मालिक दुकान खोलने आया। तारानगर तहसील के गांव सारायण निवासी बाबू ने बताया कि वह नया बस स्टैंड के पास अलमारी लगाकर चाय, बिस्कुट और कोल्डड्रिंक बेचता है। गुरुवार शाम वह अलमारी बंद कर घर गया था। शुक्रवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा, तो देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ था। पास में एक लोहे का पाइप और टूटा ताला पड़ा था। चोरों ने ड्रावर से मोबाइल और नकदी निकाली। बाबू ने पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराने की बात कही है और चोरों को पकड़ने की मांग की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल कर चोरों का पता लगा रही है।

