गुरुग्राम में पटौदी से रेवाड़ी मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे एक डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा डंपर आग का गोला बन गया। गनीमत यह रही कि डंपर के चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और डंपर को साइड लगाकर वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही उसने पूरे केबिन और डंपर के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी। इंजन की तरफ से लगी आग प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर पटौदी की तरफ से रेवाड़ी की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मुख्य मार्ग पर कुछ दूर आगे बढ़ा, उसके इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। जब तक चालक कुछ समझ पाता, तब तक केबिन के नीचे से आग की लपटें उठने लगीं। ड्राइवर ने ट्रक रोककर जान बचाई केबिन में धुआं भरता देख और आग की भयावहता को भांपते हुए, ड्राइवर ने बिना वक्त गंवाए डंपर को रोक दिया और दरवाजा खोलकर सड़क किनारे कूद गया। ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन वह सुरक्षित है। अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। इस हादसे के कारण पटौदी-रेवाड़ी रोड पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को रास्ते से हटवाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि कहीं वाहन में कोई अन्य तकनीकी खराबी तो नहीं थी।

