बांदा में जनता दल यूनाइटेड (JDU) का स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, भ्रष्टाचार और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। पार्टी की जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पिंकी प्रजापति ने गुरुवार दोपहर 2 बजे चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसमें स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी 15 मांगों पर तुरंत कार्रवाई और भ्रष्टाचार के मामलों की जांच दूसरे जिले की टीम से कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि यह अनिश्चितकालीन अनशन 21 सितंबर से अशोक लाट पर चल रहा है। इसका नेतृत्व पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष और बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल कर रही हैं। चौथे दिन तक स्थानीय प्रशासन ने मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की है। जनता दल यूनाइटेड ने बांदा के 300 बेड वाले मंडलीय अस्पताल को तुरंत शुरू करने की मांग की है। साथ ही, जिला अस्पताल और नरैनी, बबेरू, कमासिन, अतर्रा, तिंदवारी व जसपुरा के स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था सुधारने को कहा है। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में मरीजों से कथित अवैध वसूली, बाहर की दवाइयां लिखने और जांच कराने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की गई है। ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। ड्यूटी, बायोमेट्रिक उपस्थिति और रोस्टर में कथित गड़बड़ियों की भी दस्तावेजों के आधार पर जांच कराने को कहा गया है। कुछ कर्मचारियों की भूमिका और काम करने के तरीके की जांच, मेट्रन कार्यालय की व्यवस्था में बदलाव और योग्य वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर को मेट्रन का पद देने की मांग भी शामिल है। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से अतिरिक्त ड्यूटी न लेने, स्थायी कर्मचारियों की जगह उनसे काम न कराने और समय पर वेतन देने की मांग की गई है। उन्हें नौकरी से निकालने की कथित धमकियां बंद करने को भी कहा गया है। लंबे समय से एक ही जगह तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों का नियम के अनुसार ट्रांसफर करने और पहले हुई जांचों के दस्तावेजों की फिर से समीक्षा करने की मांग भी ज्ञापन में है।

