फतेहपुर में SDM के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान:नगरपालिका ने बस स्टैंड, शांतिनगर और ज्वालागंज में कार्रवाई की

फतेहपुर में SDM के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान:नगरपालिका ने बस स्टैंड, शांतिनगर और ज्वालागंज में कार्रवाई की

फतेहपुर शहर को जाम से मुक्त और व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। एसडीएम सदर के निर्देश पर नगर पालिका परिषद फतेहपुर ने शहर के मुख्य इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान बस स्टैंड, शांतिनगर और जीटी रोड ज्वालागंज जैसे क्षेत्रों में चलाया गया। गुरुवार दोपहर एक बजे ज्वालागंज से अभियान शुरू होने से पहले नगर पालिका की प्रचार गाड़ी ने लाउडस्पीकर से घोषणा की। घोषणा में दुकानदारों और ठेला-पटरी वालों को चेतावनी दी गई कि वे अपना सामान तुरंत हटा लें। इसमें कहा गया, “सभी लोग दोनों पटरी से अपना-अपना सामान शीघ्र अपने हाथों से हटा लें, अन्यथा कुछ ही समय बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। जो भी सामान पाया जाएगा, वह जब्त कर लिया जाएगा और आपके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी आ चुके हैं, जेसीबी और गाड़ी पीछे आ रही है।” मुनादी के दौरान बस स्टैंड चौराहे पर नगर पालिका कर्मी मौजूद थे और उन्होंने लोगों को नाले के पार सामान रखने के निर्देश दिए। अभियान की सूचना से दुकानदारों में हलचल मच गई और कई लोगों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर की सड़कों और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त किया जा सके। चेतावनी मिलने के बाद सड़क किनारे फुटपाथ से दुकानदारों ने अपना सामान हटाना शुरू कर दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *