तीन दिन से लापता युवती का शव कुएं में मिला:झांकी में दर्शन करने गई थी, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

तीन दिन से लापता युवती का शव कुएं में मिला:झांकी में दर्शन करने गई थी, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

जोबट तहसील के सुड़ी बड़ी गांव में गुरुवार सुबह एक कुएं में 19 साल की युवती का शव मिला। युवती पिछले तीन दिन से लापता थी। शव मिलने की खबर से गांव में भीड़ जमा हो गई। युवती के परिवार वालों ने हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक युवती की पहचान सुड़ी बड़ी गांव की अनीता डावर (19) के तौर पर हुई है। परिवार वालों ने बताया कि अनीता तीन दिन पहले गांव के गणेश पंडाल में दर्शन और आरती के लिए गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिवार और गांव वालों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह गांव के ही एक निजी कुएं में ग्रामीणों ने एक शव तैरता हुआ देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस और अनीता के परिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गांव वालों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। परिवार वालों ने शव की पहचान अनीता डावर के रूप में की। युवती का शव मिलने के बाद परिवार में गम का माहौल है। परिवार वालों को आशंका है कि अनीता की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंका गया है। उन्होंने पुलिस से इस घटना की पूरी जांच करने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। फिलहाल, पुलिस युवती के तीन दिन तक लापता रहने और कुएं में शव मिलने के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस परिवार और गांव वालों से भी पूछताछ कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *