अलवर जिले की 4 नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष के नतीजे:थानागाजी में कांग्रेस, खेड़ली में भाजपा; बड़ौदामेव में कांग्रेस तो लक्ष्मणगढ़ में निर्दलीय जीती

अलवर जिले की 4 नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष के नतीजे:थानागाजी में कांग्रेस, खेड़ली में भाजपा; बड़ौदामेव में कांग्रेस तो लक्ष्मणगढ़ में निर्दलीय जीती

अलवर जिले की नगर पालिकाओं में मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के चुनाव हुए। थानागाजी, खेड़ली, बड़ौदामेव और लक्ष्मणगढ़ में अलग-अलग राजनीतिक समीकरण देखने को मिले। थानागाजी में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय पार्षद पंकज सैनी ने भाजपा की पूजा शर्मा को 7 वोट से हराकर उपाध्यक्ष पद हासिल किया। वहीं खेड़ली में भाजपा के ओमप्रकाश शर्मा ‘लालपुरिया’ निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। बड़ौदामेव में कांग्रेस की शबनम रवि खान ने भाजपा के इदरीश को 3 वोट से हराया। लक्ष्मणगढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी शकुंतला देवी ने दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी भूपेंद्र राघव को हराकर उपाध्यक्ष पद अपने नाम किया। थानागाजी कांग्रेस समर्थित पंकज सैनी उपाध्यक्ष बनीं थानागाजी नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को चुनाव हुआ। वार्ड 16 की निर्दलीय पार्षद पंकज सैनी को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया, जबकि भाजपा की ओर से वार्ड 13 की पार्षद पूजा शर्मा मैदान में थीं। मतदान में पंकज सैनी को 16 वोट, जबकि पूजा शर्मा को 9 वोट मिले। इस तरह पंकज सैनी 7 वोट से विजयी रहीं। निर्वाचन अधिकारी अरविंद कविया ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद कांग्रेस के पार्षद स्थानीय विधायक कांतिलाल मीणा के घर पहुंचे, जहां विधायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पपीता हरसाना सहित सौदान हरसाना, गुड्डू हरसाना, बादल हरसाना, अशोक सैनी, बाबूलाल सैनी, शंभूदयाल सैनी, उपेंद्र रावल सहित वार्ड पार्षद मौजूद रहे। थानागाजी के वार्ड 16 से पंकज सैनी पहले निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुई थीं। खेड़ली भाजपा के ओमप्रकाश शर्मा निर्विरोध चुने गए खेड़ली नगर पालिका में भाजपा के वार्ड 24 पार्षद ओमप्रकाश शर्मा ‘लालपुरिया’ को उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्धारित समय में भाजपा की ओर से केवल उनका नामांकन दाखिल हुआ। नामांकन की अंतिम समय सीमा तक दूसरा नामांकन नहीं आने पर निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित कर दिया। इससे पहले खेड़ली नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भी भाजपा के पवन कुमार जैन निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। नगर पालिका के 25 वार्डों में भाजपा के 19 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के 2 और निर्दलीय 4 पार्षद हैं। बड़ौदामेव कांग्रेस की शबनम रवि खान उपाध्यक्ष बनीं बड़ौदामेव नगर पालिका में अध्यक्ष पद भाजपा के खाते में जाने के बाद उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। कांग्रेस की शबनम रवि खान ने भाजपा प्रत्याशी इदरीश को हराया। शबनम रवि खान को 14 वोट, जबकि इदरीश को 11 वोट मिले। इस तरह शबनम रवि खान ने 3 वोट के अंतर से उपाध्यक्ष पद पर कब्जा किया। लक्ष्मणगढ़ निर्दलीय शकुंतला देवी बनीं उपाध्यक्ष लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका में अध्यक्ष पद के बाद उपाध्यक्ष के चुनाव में भी अलग राजनीतिक समीकरण सामने आया। यहां शकुंतला देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उन्होंने दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी भूपेंद्र राघव को हराया। खास बात यह रही कि उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने किसी प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया। लक्ष्मणगढ़ में अध्यक्ष पद पर भाजपा की मीना गुप्ता निर्वाचित हुई थीं। चारों नगर पालिकाओं के नतीजों में थानागाजी और बड़ौदामेव में उपाध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में गया, खेड़ली में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए, जबकि लक्ष्मणगढ़ में दोनों प्रमुख दलों से अलग निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *