पान मसाला फर्म और ट्रांसपोर्ट पर GST का छापा:चित्रकूट में 10 गाड़ियों से पहुंची टीम, करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका

पान मसाला फर्म और ट्रांसपोर्ट पर GST का छापा:चित्रकूट में 10 गाड़ियों से पहुंची टीम, करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका

चित्रकूट में जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (DGGI) और CGST की टीम ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में छापेमारी की। टीम 10 गाड़ियों से कसहाई रोड स्थित बल्दाऊगंज की एक पान मसाला फर्म और सदर रोड स्थित बांदा-सतना ट्रांसपोर्ट पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कई पान मसाला कारोबारी दुकानें बंद कर मौके से चले गए। बल्दाऊगंज स्थित फर्म में टीम ने शाम करीब 8 बजे तक दस्तावेज और स्टॉक की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, फर्म साल 2018 से संचालित हो रही है। जांच के दौरान शंकर बाजार स्थित फैक्ट्री से माल के लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिले हैं। DCM में मिला पान मसाला, रैपर और कच्चा माल
टीम को मौके पर DCM में भरा पान मसाला, पैकिंग मशीन, उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, नामचीन कंपनियों के रैपर और बड़ी मात्रा में कच्चा माल मिला। शुरुआती जांच में सामने आया कि पंजीयन में कम बिक्री दिखाई गई थी, जबकि मौके पर स्टॉक ज्यादा मिला। अधिकारियों को आशंका है कि लेन-देन में बड़े पैमाने पर GST का भुगतान नहीं किया गया। हालांकि, टैक्स चोरी की वास्तविक स्थिति दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। कारोबारी को जरूरी दस्तावेजों के साथ लखनऊ ले जाने की भी बात सामने आई है। ट्रांसपोर्ट में 5 घंटे तक बिल्टी-वाउचर खंगाले
सदर रोड स्थित बांदा-सतना ट्रांसपोर्ट पर भी टीम ने करीब पांच घंटे तक जांच की। यहां बिल्टी, वाउचर और माल से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया गया। जांच में कई गड़बड़ियां मिलने की बात सामने आई है। टीम ने ट्रांसपोर्ट संचालक सुनील द्विवेदी से पूछताछ की और उनसे जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। दस्तावेज और स्टॉक के मिलान के बाद होगी कार्रवाई
डिप्टी कमिश्नर विक्रम अजीत ने सेंट्रल टीम की कार्रवाई की पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में मिले दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान करने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *