भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नाम से फेसबुक पर फेक ID बनाई गई है। यह जानकारी खुद जिला प्रशासन के ऑफिशियल अकाउंट से दी गई। जिसमें कहा गया कि न तो फेक आईडी को फॉलो करें और न ही संदेश का कोई जवाब दें। कलेक्टर की ‘प्रियंक मिश्रा आईएस’ नाम से फेसबुक आईडी बनी है। इसमें लगी तस्वीर में कलेक्टर के साथ एडीएम सुमित पांडेय, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी है। यह मैसेज जारी किया
ऑफिसियल अकाउंट से मैसेज जारी किया गया है। जिसमें लिखा कि ‘यह फेक प्रोफाइल है। कृपया इसे फॉलो या सब्सक्राइब न करें और इससे प्राप्त किसी भी संदेश का जवाब न दें। इस प्रोफाइल को तुरंत रिपोर्ट एवं ब्लॉक करें। कलेक्टर कार्यालय भोपाल’। पूर्व कलेक्टर सिंह के नाम से रुपए मांगने के आ चुके मैसेज
भोपाल के पूर्व कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के नाम पर करीब दो साल पहले ग्रामीणों से ठगी का मामला सामने आया था। ठगों ने कलेक्टर की फोटो की फर्जी आईडी बनाई थी। ताकि, लोगों को लगे कि वह सही में कलेक्टर ही हैं। इसके बाद ठग संबल योजना की राशि डालने के नाम पर 3 हजार से 10 हजार रुपए तक की मांगे। खास बात ये है कि भोपाल के फंदा जनपद क्षेत्र में ही 2-3 लोगों ने 10 हजार रुपए अकाउंट में ट्रांसफर भी कर दिए थे। यह मामला तत्कालीन कलेक्टर सिंह के पास भी पहुंचा था। इधर, वल्लभ भवन के आसपास से हटाया अतिक्रमण
भोपाल के वल्लभ भवन के आसपास से रात में अतिक्रमण हटाया गया। सांयकालीन अतिक्रमण निरोधी दस्ते के प्रभारी नासिर खान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा वल्लभ भवन के आसपास फुटपॉथ का अतिक्रमण हटाने को लेकर नाराजगी व्यक्त की थी। इसके बाद नगर निगम ने यह कार्रवाई की। रात में आबकारी विभाग की कार्रवाई
भोपाल में आबकारी विभाग के विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को कई जगहों पर टीमों ने दबिश दी। रात 9 बजे तक कार्रवाई जारी रही। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के निर्देश पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी वर्षा उइके के साथ टीमों ने अवैध मदिरा ठिकानों पर दबिश दी। मदर इंडिया कॉलोनी, बाजपेयी नगर के एक घर से अवैध देशी मदिरा बरामद कर मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। रायसेन रोड के छावनी पठार, कोकता, झीरिया, शाहजहानाबाद मल्टी, भीम नगर, अंबेडकर नगर, राहुल नगर, पंचशील नगर, शिवनगर, बस स्टैंड छावनी पठार क्षेत्र में तलाशी एवं गश्त की गई।

