मरवाही ब्लॉक के सिलपहरी गांव में खेत जाते समय एक युवक पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। सुबह करीब 5 बजे हुई घटना में कमलेश तंवर के सिर, पीठ और दाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद घायल हालत में किसी तरह गांव पहुंचे युवक की मदद के लिए स्थानीय नागरिक ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उपचार शुरू किया और जिला अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में अचानक 4 भालुओं से हुआ सामना कमलेश तंवर रोजाना की तरह सुबह करीब 5 बजे घर से खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनका सामना चार जंगली भालुओं से हो गया। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर, पीठ और दाएं हाथ पर गंभीर चोटें आईं। घायल कमलेश किसी तरह खुद को बचाकर गांव की ओर भागे और वहां पहुंचे। ग्रामीण ने 108 को दी सूचना गांव पहुंचने पर कमलेश की हालत देखकर स्थानीय नागरिक नरेंद्र ठाकुर ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया। सूचना मिलते ही ईएमटी कमलेश कुमार प्रजापति और पायलट भूपत सिंह एंबुलेंस लेकर सिलपहरी के लिए रवाना हुए। एंबुलेंस में ही शुरू किया इलाज गांव पहुंचने पर एंबुलेंसकर्मियों ने घायल कमलेश की स्थिति देखी। ईएमटी कमलेश कुमार प्रजापति ने एंबुलेंस के अंदर ही प्राथमिक उपचार शुरू किया और तेजी से हो रहे रक्तस्राव को रोकने के लिए तत्काल जरूरी उपचार दिया। शुरुआती इलाज के बाद घायल को बिना देरी किए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। समय पर इलाज से खतरे से बाहर जिला अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों की टीम ने कमलेश तंवर का उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और शुरुआती उपचार मिलने के बाद उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्र से लगे गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा का मुद्दा सामने ला दिया है। ग्रामीणों से जंगल और आसपास के इलाकों में सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।

