सिरसा जिले में रानियां के अभोली गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त थे और सूरेवाला के टिब्बी के पास मजदूरी करते थे। चारों साथी रोजाना की तरह बाइक पर सवार होकर टिब्बी जा रहे थे। मृतक की पहचान अलीपुर टीटू खेड़ा निवासी 35 वर्षीय पुरुषोत्तम पुत्र गरीब दास के रूप में हुई है। पुलिस कर रही मामले की जांच घायलों की पहचान नेजाडेला कलां निवासी प्रकाश पुत्र बलबीर, बीरा सिंह और लवप्रीत पुत्र हरबंस के रूप में हुई है। गांव अभोली के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुरुषोत्तम की मौके पर ही जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही रानियां पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है।

