इसराना में ग्राम पंचायत की ओर से मुख्य रास्ते पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। SDM के आदेश पर प्रशासनिक टीम ने गुरुवार को जेसीबी की मदद से मुख्य रास्ते पर दुकानों के सामने बनाए गए अवैध थड़े और अन्य निर्माण हटाए। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुशील कुमार रोहिल्ला, इसराना के सरपंच राजेश कुमार जागलान, पुलिसकर्मी और प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुशील कुमार रोहिल्ला सिगरेट पीते नजर आए। ग्रामीणों ने कहा- पहले पूरे रास्ते की कराई जाए निशानदेही कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के मौके पर पहुंचने पर कुछ ग्रामीणों ने दोबारा निशानदेही कराने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में जाने का रास्ता जहां से शुरू होता है, वहां से पूरे मार्ग की निशानदेही कर यह तय किया जाए कि रास्ते की जमीन कितनी है। इसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं पंचायती राज विभाग के एसडीओ सुशील कुमार रोहिल्ला ने बताया कि इसराना के मुख्य रास्ते पर दुकानों के सामने अवैध थड़े बनाए जाने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। SDM के आदेश पर शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर JCB की सहायता से रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान चर्चा में रहा प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुशील कुमार रोहिल्ला को सार्वजनिक स्थल पर सिगरेट पीते हुए देखा गया। सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान को लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय रहा। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे।

