गोरखपुर में घर के बाहर सो रहे BSc छात्र की चाकू मारकर हत्या, परिवार गया था लखनऊ

गोरखपुर में घर के बाहर सो रहे BSc छात्र की चाकू मारकर हत्या, परिवार गया था लखनऊ

गोरखपुर। गोरखपुर के जयंतीपुर गांव में गुरुवार सुबह घर के बाहर सो रहे 19 साल के BSc छात्र शुभम मिश्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। तड़के करीब 5 बजे अज्ञात हमलावर ने उसके सिर पर वार किया। घटना के वक्त शुभम घर में अकेला था, जबकि उसके माता-पिता और परिवार के दूसरे सदस्य पिता के किडनी ट्रांसप्लांट के इलाज के लिए लखनऊ गए हुए थे।

हमले के बाद शुभम गंभीर रूप से घायल पड़ा था। सुबह जानकारी मिलने पर ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बांसगांव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पिता के इलाज के लिए लखनऊ गया था परिवार

शुभम के पिता स्वदेश मिश्रा खेती-किसानी करते हैं और पिछले कई वर्षों से किडनी की बीमारी से परेशान हैं। किडनी ट्रांसप्लांट और इलाज के सिलसिले में परिवार के लोग लखनऊ गए हुए थे। शुभम घर पर अकेला था।शुभम दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था और BSc प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रहा था। परिवार को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि रात में घर पर अकेले सो रहे शुभम के साथ ऐसी वारदात हो जाएगी।

सुबह ग्रामीणों ने देखा तो मचा हड़कंप

तड़के हुए हमले के बाद शुभम गंभीर हालत में मिला। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। CO खजनी अनुज सिंह के साथ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात से जुड़े सुरागों की तलाश में मौके का निरीक्षण किया है।

लखनऊ में मां को मिली बेटे की मौत की खबर

शुभम की मौत की सूचना लखनऊ में मौजूद परिवार को दी गई। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां सुधा मिश्रा बेसुध हो गईं। परिजनों के मुताबिक, वह बार-बार शुभम के पास ले जाने की बात कह रही थीं। परिवार के लोग लखनऊ से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

शुभम का शव फिलहाल घर के बाहर रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई करेगी।

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल- किसने और क्यों की हत्या?

शुभम पर हमला किसने किया, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस हत्या की वजह भी तलाश रही है। चूंकि वारदात घर के बाहर हुई है, इसलिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य संभावित सुरागों की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर अज्ञात हमलावर की तलाश शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हत्या की वजह और हमलावर की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *