राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव में वोटिंग के बाद भाजपा कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी है। दोनों ही पार्टियों का न केवल अपने उम्मीदवारों बल्कि जीतने की संभावना वाले निर्दलीय उम्मीदवारों पर भी फोकस है। अब 14 सितंबर को चुनाव परिणाम आएगा। इसके बाद बाडे़बंदी से केवल वे ही उम्मीदवार वापस लौटेंगे जो हार जाएंगे। जीतने वाले कैंडिडेट्स सीधे मेयर मतदान में ही शामिल होने के लिए आएंगे। वहीं जयपुर नगर निगम के वार्ड 62 के एक बूथ पर आज दोबारा मतदान हो रहा है। सांगानेर के टीला वाला स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के कमरा नंबर 4 में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस बूथ पर 11 सितंबर को हुए मतदान में 110 ऐसे लोगों ने वोट डाला था, जिनका नाम मतदाता सूची से हटाया गया था। मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बूथ पर हुए मतदान को दोबारा कराने का फैसला किया था।

