नूंह जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। कुल 957 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। इस बार प्रधान पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। प्रधान पद के लिए अजीज अख्तर, किफायतुल्ला, समीम अहमद बदरपुर, साजिद सलम्बा और सुलेमान खान चुनावी मैदान में हैं। पांच उम्मीदवारों के आमने-सामने होने से किसी एक प्रत्याशी की जीत का अनुमान लगाना मुश्किल है। सभी प्रत्याशी अपनी जीत के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं और अधिवक्ताओं से समर्थन मांग रहे हैं। जनरल सचिव के लिए त्रिकोणीय मुकाबला वहीं, जनरल सचिव पद पर भी त्रिकोणीय मुकाबला है। इस पद के लिए अरुण राठी, मोहम्मद नौमान मेवली और मोहम्मद साहबान खान मैदान में हैं। महिला वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए फातिमा, कीर्ति वर्मा और तबस्सुम के बीच टक्कर है। जनरल वाइस प्रेसिडेंट पद पर सुदेश रानी और मोहम्मद जावेद हुसैन के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतदान के दौरान चुनाव प्रक्रिया पर पदाधिकारी नजर रखे हुए हैं। नूंह बार चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी निशांत गुप्ता और उनके सहयोगी मोहम्मद आजाद व आनंद यादव ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां पूरी हैं और निर्धारित नियमों के अनुसार मतदान प्रक्रिया संपन्न हो रही है।

