Imran Tahir CPL: 47 साल के इमरान ताहिर ने CPL में 5 विकेट लेकर टी-20 क्रिकेट का रिकॉर्ड बनाया। जानें उनकी शानदार गेंदबाजी और बेटे से मिली प्रेरणा की पूरी कहानी।
Imran Tahir T20 Record: अक्सर 40 की उम्र आते-आते जहां कई क्रिकेटर्स के संन्यास की चर्चा तेज हो जाती है, वहीं अनुभवी लेग स्पिनर इमरान ताहिर मैदान पर कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। 47 साल की उम्र में कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में गुयाना अमेजन वॉरियर्स की कप्तानी कर रहे इमरान ताहिर एक बार फिर चर्चा में हैं। उनकी चर्चा इस लीग में पांच विकेट लेने के वर्ल्ड रिकॉर्ड को लेकर है, क्योंकि वह मौजूदा दौर में किसी टी-20 मैच में पांच विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर हैं। यह टी-20 क्रिकेट में ताहिर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है। वह अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने बेटे को देते हैं।
बेटा बोलता है- ‘डैडी, आपको मेरे साथ खेलना है’
इमरान ताहिर ने खुलासा किया है कि उनका बेटा ही उन्हें सबसे ज्यादा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। वह उनसे कहता है, ‘डैडी, एक साल और… एक साल और, फिर आपको मेरे साथ खेलना है।’ बेटे की यह बात उनके लिए एक तरह की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वह यह अपने बेटे के लिए और दुनिया भर में उन्हें देखने वाले सभी युवा खिलाड़ियों के लिए करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की है। यह देखकर काफी अच्छा लगता है कि मेहनत का नतीजा आपकी उम्मीद के मुताबिक आता है। मैं व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिए नहीं खेलता। हम व्यक्तिगत उपलब्धि के लिए भी मेहनत करते हैं, लेकिन मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि आज मैं अच्छा प्रदर्शन कर सका।’
बता दें कि कप्तान इमरान ताहिर की शानदार गेंदबाजी के दम पर गुयाना की टीम ने सेंट लूसिया को 119 रन पर ऑलआउट कर दिया था। इसके बाद गुयाना ने 4 विकेट रहते 122 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पांच विकेट लेने वाले इमरान ताहिर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इमरान ताहिर का टी-20 करियर
इमरान ताहिर ने अब तक 461 टी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने कुल 409 रन बनाए हैं, जिसमें 23 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। गेंदबाजी में उन्होंने इतने ही मैचों में कुल 589 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 5 या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा छह बार किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 17 रन पर 5 विकेट है। उन्होंने 461 टी-20 मैचों में कुल 110 कैच भी लपके हैं।
Sports – Patrika | CMS


