हांसी में हुंडई शोरूम के सामने स्थित दी थ्रेड एम्पायर नामक कपड़ों के शोरूम में गुरुवार देर रात करीब 2 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे शोरूम में फैल गई। आग इतनी तेज थी कि शोरूम में रखे कपड़े समेत ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। पीवीसी की छत भी गर्मी से नीचे गिर गई। आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को डायल-112 से शोरूम में आग लगने की खबर मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग इतनी ज्यादा थी कि फायर कर्मचारियों को शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर अंदर जाना पड़ा। इसके बाद आग बुझाने की कोशिश की गई। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने पाया आग पर काबू फायर ऑपरेटर राहुल ने बताया कि उन्हें करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। हांसी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग ज्यादा होने के कारण हिसार से भी दो गाड़ियां बुलानी पड़ी। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों की मदद से फायर कर्मचारियों ने काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान शोरूम के अंदर रखा एक गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। फायर ऑपरेटर राहुल ने बताया कि सिलेंडर फटने के समय वह वहीं मौजूद थे और बाल-बाल बच गए। सिलेंडर फटने के बाद आग और भड़क गई, जिससे दमकल कर्मचारियों को बहुत सावधानी से आग पर काबू पाना पड़ा। फायर ऑपरेटर सुनील ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ देर के लिए ऐसा लग रहा था जैसे पूरी बिल्डिंग ही आग का गोला बन गई हो। आग की गर्मी के कारण अंदर जाना भी बहुत मुश्किल था। 25 दिन पहले ही खुला था शोरूम स्थानीय लोगों के मुताबिक यह शोरूम करीब 25 दिन पहले ही शुरू हुआ था और 15 सितंबर को इसके संचालन को एक महीना पूरा होना था। इससे पहले ही शोरूम में आगजनी की बड़ी घटना हो गई। जानकारी के अनुसार शोरूम में कई पार्टनर हैं, जो हांसी और झज्जर से संबंधित बताए जा रहे हैं। घटना के समय कोई भी पार्टनर मौके पर मौजूद नहीं था, इसलिए आग से हुए कुल नुकसान का तत्काल आकलन नहीं हो सका। शोरूम में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य सामान रखा था, जो आग की भेंट चढ़ गया।

