नगर निकाय चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने खैरथल-तिजारा जिले की चुनाव पर्यवेक्षक अल्पा चौधरी को नियुक्त किया है। उन्होंने गुरुवार को जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश के साथ मुंडावर और कोटकासिम क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 11 सितंबर को होने वाले मतदान की तैयारियों को देखा। मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं देखी पर्यवेक्षक ने मतदान केंद्रों पर बिजली, पीने का पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और दिव्यांग व बुजुर्ग वोटरों के लिए जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान टीमों के रुकने का इंतजाम, मतदान केंद्रों तक उनके सुरक्षित आने-जाने और मतदान सामग्री के इंतजाम भी देखे। अल्पा चौधरी ने अधिकारियों से मतदान टीमों के रवाना होने और मतदान केंद्रों पर पहुंचने की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी इंतजाम तय नियमों के हिसाब से समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था और संवेदनशील इलाकों में निगरानी को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। शुक्रवार को होगी वोटिंग उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि मतदान के दौरान किसी भी वोटर को परेशानी न हो और सभी योग्य वोटर बिना डर के अपना वोट डाल सकें, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। खैरथल-तिजारा जिले में 11 सितंबर को किशनगढ़बास, मुंडावर, कोटकासिम और टपूकड़ा नगर पालिकाओं में वोट डाले जाएंगे। निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी समेत चुनाव से जुड़े कई अधिकारी-कर्मचारी वहां मौजूद थे।

