किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने 17 सितंबर को बारां चलो के आह्वान के साथ जिला कलेक्ट्रेट पर बड़े प्रदर्शन की घोषणा की है। यह फैसला कलमंडा गांव के हनुमान मंदिर पर जिला अध्यक्ष अमृत मीणा की अध्यक्षता में हुई जिला बैठक में लिया गया। बैठक में संस्थापक सदस्य रामनाथ मालव और प्रांत अध्यक्ष शंकर लाल नागर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रचार प्रमुख बृजमोहन मेहता ने बताया कि किसानों की 18 मांगों में बिना अटैचमेंट के सब्सिडी वाली खाद, दिन में 8 घंटे बिजली, नाहरगढ़, किशनगंज, शाहाबाद, समरानियां व छबड़ा के सिंचाई रहित इलाकों को नहर का पानी शामिल है। इन मांगों में एफएफएस सिस्टम में सुधार, सभी कृषि उत्पादों की समर्थन मूल्य पर खरीद और अच्छा दाम भी शामिल हैं। बलराम जयंती पर कृषि उपज मंडी में किसान सम्मेलन होगा। इसके बाद 500 ट्रैक्टरों और सैकड़ों गाड़ियों के साथ रैली निकाली जाएगी, जो कलेक्ट्रेट पर जाकर प्रदर्शन करेगी।

