कोटपूतली के टसकोला पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पैदल जा रहे 55 वर्षीय मुरारी लाल शर्मा को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मुरारी लाल रामपुरा निवासी हनुमान के बेटे थे। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण करीब पांच घंटे तक धरने पर बैठे रहे। उन्होंने आबादी वाले इलाकों से गुजरने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पावटा एसडीएम बृजेश कुमार, विराटनगर डीवाईएसपी उमेश निठारवाल और प्रागपुरा थाना प्रभारी भजनाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रेलर जब्त, ड्राइवर की तलाश जारी पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। हालांकि, उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के आवागमन के लिए एमडीआर सड़क निर्धारित है। इसके बावजूद भारी वाहन आबादी वाले इलाकों से तेज रफ्तार में गुजर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी तेज रफ्तार वाहन ने पैदल जा रहे एक युवक को टक्कर मार दी थी। ग्रामीणों के अनुसार, इसके बावजूद भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम नहीं उठाए गए। दोबारा हादसा होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। मुआवजा और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग कांग्रेस नेता रामस्वरूप कसाना और रामनिवास यादव समेत ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और फरार ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग भी रखी गई। करीब पांच घंटे बाद भामाशाहों की मदद से आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव प्रदर्शन खत्म होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पावटा उपजिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

