सड़क नहीं बनी तो नेशनल हाईवे जाम करेंगे ग्रामीण:कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, एक हफ्ते में काम शुरू न होने पर चेतावनी

सड़क नहीं बनी तो नेशनल हाईवे जाम करेंगे ग्रामीण:कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, एक हफ्ते में काम शुरू न होने पर चेतावनी

डिंडोरी जिले के अमरपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के जल्दा मुडिया गांव के दर्जनों ग्रामीण सोमवार को पक्की सड़क बनाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उन्होंने कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार ब्रजभान सिंह को एक ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के अंदर सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे नेशनल हाईवे जाम कर देंगे।
ग्रामीण ओम नारायण ने बताया कि यह लगभग 1200 की आबादी वाला गांव है। मंडला-डिंडोरी नेशनल हाईवे से गांव तक सिर्फ डेढ़ किलोमीटर कच्ची सड़क है। बारिश में कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बाइक और फोर व्हीलर गांव में नहीं जा पाते।
स्कूल जाने वाले बच्चे अपने जूते-चप्पल हाथ में लेकर कीचड़ भरे रास्ते से मुख्य मार्ग तक आते हैं। उन्हें फिसलने का डर भी रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव के समय उन्होंने सड़क निर्माण के लिए बहिष्कार किया था, तब अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क बनाने का आश्वासन दिया था।
ग्रामीण कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलते हैं। अब उनका सब्र टूट गया है। इसलिए उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के अंदर सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे सड़क जाम कर देंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *