हाथरस में अलीगढ़ रोड स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम की बिल्डिंग के पास वाली गली के निवासियों ने आज दोपहर जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों ने सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर के खिलाफ सड़क और नाली निर्माण में मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसी गली में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर की कोठी है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया और जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने इन अधिकारियों का घेराव किया और विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। अपनी कोठी के चक्कर में विधायक ने मुड़वा दी नाली.. लोगों का आरोप था कि विधायक अंजुला सिंह माहौर ने हाल ही में इस गली में अपनी कोठी बनवाई है। उन्होंने अपनी कोठी के लिए पुरानी सड़क को उखड़वाकर दोबारा बनवाया है। इसके अलावा, उन्होंने अपने घर के आगे एक नाली को रुकवाकर उसे मोड़ दिया है, ताकि उनकी कोठी के सामने कोई समस्या न हो। निवासियों ने कहा कि विधायक की इस मनमानी के कारण उनके घरों में गंदा पानी घुस रहा है और भविष्य में जलभराव की समस्या और बढ़ जाएगी। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) की गाड़ी के आगे बैठ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईओ अपनी गाड़ी से उतरकर उनसे बात नहीं कर रहे हैं। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्पष्ट कह दिया कि यह नगर पालिका का मामला है और यदि ईओ गाड़ी से नहीं उतरेंगे तो समस्या का समाधान नहीं हो पाएगा। कुछ पुलिसकर्मी वापस भी जाने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, अधिशासी अधिकारी ने गली में चल रहे नाली निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया और नाली को दिए जा रहे मोड़ को भी भरवा दिया। विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी इस दौरान भी लोगों ने सदर विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सदर विधायक की कोठी के बाहर भी भारी भीड़ और पुलिस बल मौजूद रहा, हालांकि विधायक उस समय अपनी कोठी में मौजूद नहीं थीं। ईओ की गाड़ी के आगे अलीगढ़ रोड पर बीच सड़क पर बैठे लोग। सदर विधायक की कोठी के बाहर लगी भीड़ और पुलिस फोर्स। लोगों के विरोध के बाद जेसीबी से नाली निर्माण के लिए बंद कराया जाता गड्ढा। वीडियो।

