पानीपत शहर के गोहाना रोड स्थित गोशाला में निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। छत पर निर्माण के लिए ईंटें लेकर पहुंची लिफ्ट वाली ट्रॉली में अचानक हाई-वोल्टेज करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर दो मजदूर झुलस गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया। छत पर ईंटें खाली करते समय लगा झटका जानकारी के अनुसार, गोहाना रोड स्थित गोशाला में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा था। दोनों मजदूर छत पर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान नीचे से ईंट भरकर लिफ्ट वाली ट्रॉली ऊपर छत पर पहुंची। जैसे ही मजदूरों ने ईंटें निकालने के लिए ट्रॉली को छुआ, वे उसमें फैले तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि दोनों मजदूर दूर जा गिरे। सुरक्षा मानकों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए गंभीर सवाल हादसे के बाद से गोशाला प्रबंधन की कार्यप्रणाली और निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस जांच में जुटेगी वजह घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और घायल मजदूर के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या फिर इसमें गोशाला प्रबंधन व ठेकेदार की लापरवाही रही है।

