उन्नाव में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत:दुकान बंद कर घर लौट रहा था, 2 युवक जिला अस्पताल रेफर

उन्नाव में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत:दुकान बंद कर घर लौट रहा था, 2 युवक जिला अस्पताल रेफर

उन्नाव के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। सकहन राजपूतान-अतहा मार्ग पर हुए इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सआदतनगर गांव निवासी सत्यम तिवारी (27) के रूप में हुई है। सत्यम गहोली गांव में कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था। वह शुक्रवार देर रात दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। बताया गया कि फाजिलपुर गांव से कुछ दूरी पहले सत्यम की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर मरौंदा गांव निवासी 17 वर्षीय विजेंद्र पुत्र रामशंकर और 17 वर्षीय सुमित पुत्र रामऔतार सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सफीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सत्यम तिवारी को मृत घोषित कर दिया। विजेंद्र और सुमित की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग सीएचसी सफीपुर पहुंच गए।
सत्यम की मौत की जानकारी मिलते ही उसकी मां नीलम बदहवास हो गईं। छोटे भाई शशांक तिवारी और विवाहित बहनों प्रतीक्षा, मानसी व राधा का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। रिश्तेदार और परिचित परिवार को ढांढस बंधाते रहे।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो घायल हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *