अंकित बालियान की पत्नी की CM योगी से गुहार:बोलीं- जल्द गिरफ्तार हों हत्यारे, नहीं तो परिवार आत्मदाह के लिए मजबूर होगा

अंकित बालियान की पत्नी की CM योगी से गुहार:बोलीं- जल्द गिरफ्तार हों हत्यारे, नहीं तो परिवार आत्मदाह के लिए मजबूर होगा

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में उनकी पत्नी सीमा ने सीएम से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उनका परिवार आत्मदाह करने को मजबूर होगा। सीमा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीमा ने आरोप लगाया कि शहर के बीचों-बीच चार बदमाशों ने खुलेआम अंकित की गोली मारकर हत्या कर दी और बेखौफ होकर फरार हो गए। उन्होंने सवाल उठाया कि बदमाशों के चेहरे खुले होने और शहर के हर चौराहे पर पुलिस तैनात होने के बावजूद वे आसानी से कैसे भाग निकले। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सीमा ने बताया कि अंकित ही परिवार का एकमात्र सहारा था। उनके छोटे भाई बेरोजगार हैं और पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि बूढ़े माता-पिता की जिम्मेदारी भी अंकित पर थी। उन्होंने कहा कि अंकित की मौत के बाद से परिवार पूरी तरह टूट गया है और उनके सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। सीमा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो परिवार मुख्यमंत्री आवास के सामने पहुंचकर आत्मदाह करने जैसा कदम उठाने को मजबूर होगा। उन्होंने सरकार से परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
समाज के लिए काम करता था अंकित अंकित की पत्नी ने कहा कि अंकित मनोरंजन और समाज के लिए काम करता था। उसने समाज को बहुत कुछ दिया, लेकिन बदले में कुछ नहीं लिया। उन्होंने कहा कि अंकित को उसके काम और समाजसेवा के लिए सम्मान मिलना चाहिए। उसके नाम पर सड़क, स्कूल या कोई स्मारक बनाया जाना चाहिए, ताकि उसकी याद हमेशा बनी रहे। सीमा ने कहा कि अंकित की हत्या से केवल उनका परिवार नहीं, बल्कि उससे जुड़े लोग भी टूट गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। इधर, हत्याकांड से जुड़े CCTV फुटेज और परिवार के बयान सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *