विद्या संबल के लिए आवेदन एक सितंबर से:सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में ही होगा आवेदन, अधिकतम 75 पीरियड मिलेंगे, शहरों में भर्ती बाद में

विद्या संबल के लिए आवेदन एक सितंबर से:सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में ही होगा आवेदन, अधिकतम 75 पीरियड मिलेंगे, शहरों में भर्ती बाद में

बीकानेर के ग्रामीण क्षेत्र के सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में लेक्चरर के रिक्त पदों पर विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी लगाने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में रिक्त पदों के लिए 1 से 7 सितंबर तक आवेदन लिए जाएंगे। वहीं निकाय चुनाव के कारण बीकानेर शहर सहित चुनाव वाले क्षेत्रों में फिलहाल गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति नहीं होगी। इन क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 सितंबर के बाद नियुक्तियां शुरू होने की संभावना है। प्रिंसिपल या पीईईओ करेंगे आवेदन अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी शिव शंकर चौधरी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के जिन सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में प्राध्यापक यानी लेक्चरर के पद रिक्त हैं, वहां संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल या पीईईओ को आवेदन करना होगा। 1 से 7 सितंबर तक आवेदन प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद पीईईओ आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को देंगे। वहां से सूची जिला शिक्षा अधिकारी के पास भेजी जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी इसे कलेक्टर के निर्देश पर गठित कमेटी के समक्ष रखेंगे। कमेटी की अनुशंसा के बाद नियुक्ति विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति जिला स्तर पर गठित कमेटी की अनुशंसा के बाद होगी। कमेटी की अध्यक्ष जिला परिषद की सीईओ शैलजा पांडेय को बनाया गया है। कमेटी की अनुशंसा के बाद संबंधित पीईईओ गेस्ट फैकल्टी को पूरी तरह अस्थायी आधार पर नियुक्ति देंगे। प्रति पीरियड 400 रुपए, अधिकतम 30 हजार विद्या संबल योजना के तहत नियुक्त होने वाले गेस्ट फैकल्टी को प्रति पीरियड 400 रुपए का भुगतान किया जाएगा। हालांकि कुल भुगतान अधिकतम 30 हजार रुपए तक ही होगा। यानी एक गेस्ट फैकल्टी को अधिकतम 75 पीरियड ही दिए जा सकेंगे। इससे अधिक पीरियड का भुगतान नहीं किया जाएगा और स्कूल प्रिंसिपल भी 75 से अधिक पीरियड नहीं दे सकेंगे। स्थायी टीचर आते ही खत्म होगी नियुक्ति गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी। संबंधित विषय में नया स्थायी लेक्चरर नियुक्त होकर स्कूल में ज्वाइन करता है तो गेस्ट फैकल्टी की सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। व्याख्याता की नियुक्ति के साथ पोस्टिंग आदेश जारी होने और स्थायी शिक्षक के ज्वाइन करने के बाद गेस्ट फैकल्टी को हटना होगा। इन क्षेत्रों में अभी नहीं होगी नियुक्ति निकाय चुनाव के चलते बीकानेर शहर में फिलहाल विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति नहीं होगी। इसके अलावा श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला, नोखा, लूणकरनसर, देशनोक और नापासर में भी अभी नियुक्ति प्रक्रिया नहीं होगी। इन क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नियुक्ति का सिलसिला शुरू होगा। 31 अगस्त तक जारी होगी रिक्त पदों की सूची शिक्षा विभाग की ओर से बीकानेर जिले के स्कूलों में लेक्चरर के रिक्त पदों की सूची भी जारी की जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित प्रिंसिपल से रिक्त पदों की रिपोर्ट ली गई है। विभाग इस रिपोर्ट के आधार पर सूची तैयार कर सार्वजनिक करेगा, ताकि बेरोजगार लेक्चरर रिक्त पदों के अनुसार आवेदन कर सकें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *