भास्कर न्यूज | जालंधर शुक्रवार को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में सर्वर डाउन होने से पब्लिक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एसआर-1 और एसआर-2 में सुबह से ही सर्वर डाउन होने की समस्या चल रही थी, लेकिन बीच में एक दम से कंप्यूटर पर साइट बंद होने से काम पूरी तरह से प्रभावित हो गया। अधिकारियों की तरफ से चंडीगढ़ हेड आफिस में संपर्क करने पर पता चला कि सर्वर डाउन होने की समस्या दूसरे जिलों में भी चल रही है। इस दौरान आरसीज की तरफ से लोगों को इंतजार करने के लिए कहा गया। सुबह 9 बजे से रजिस्ट्री करवाने पहुंचे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा, क्योंकि दोपहर 2 बजे तक सर्वर पूरा दिन काम नहीं कर पाया। लेकिन दोपहर बाद करीब 2.30 बजे सर्वर जैसे ही शुरू हुआ तो रजिस्ट्रियों का काम दोबारा से जारी हुआ, लेकिन इस बीच कई लोग अपना काम करवाए बिना चले गए। जालंधर एसआर-1 और एसआर-2 में 100 प्लस डॉक्यूमेंट रजिस्टर्ड हुए, जबकि जो लोग रजिस्ट्रियां नहीं करवा पाए उन्हें अब दोबारा से अपॉइंटमेंट रिशेड्यूल करवानी पड़ेगी। गौर है कि इजी रजिस्ट्रेशन सिस्टम शुरू होने के बाद से ही लोगों से लेकर समस्या अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्या लगातार बढ़ गई है क्योंकि सर्वर डाउन होने की समस्या अकसर शुरू हो जाती है और सरकार की तरफ से रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था को काफी पेचीदा कर दिया है, पहले एक ही दिन में डीड लिखने से लेकर रजिस्ट्रेशन का काम हो जाता था, लेकिन अब इस व्यवस्था को 2 से 3 दिन लगते है।

