Morena News: पहले पति को भनक तक नहीं लगी… पत्नी पर दूसरी शादी करने का आरोप, थाने पहुंचा मामला

Morena News: पहले पति को भनक तक नहीं लगी… पत्नी पर दूसरी शादी करने का आरोप, थाने पहुंचा मामला

Morena Wife Second Marriage: मध्यप्रदेश के मुरैना में एक व्यक्ति ने तलाक लिए बगैर पत्नी पर दूसरी शादी करने के आरोप लगाए हैं। पति का कहना है कि पत्नी के अलग रहने के बावजूद तलाक नहीं हुआ और इसी बीच ससुराल वालों द्वारा उसकी दूसरी शादी करा दी गई। जब उसे पत्नी की दूसरी शादी का पता चला तो वो ससुराल पहुंचा, ससुराल में पत्नी के दोनों भाइयों ने उसके साथ अभद्रता व मारपीट की। इसके बाद पीड़ित पति थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दूसरी शादी से संबंधित अनुबंध पत्र भी जब्त किए हैं।

साल 2023 में हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार फरियादी संतोष उर्फ भीमा गौड़ (34) की शादी वर्ष 2023 में कोमल के साथ हुई थी। शादी के बाद कोमल ससुराल गई, लेकिन कुछ समय बाद वह वापस चली गई और दोबारा ससुराल नहीं लौटी। इसके बाद संतोष ने पत्नी को साथ रखने के लिए न्यायालय में धारा 9 के तहत प्रकरण दायर किया था। फरियादी के मुताबिक न्यायालय ने उसे पत्नी के साथ रहने का आदेश भी दिया था।

बिना तलाक दूसरी शादी कराने का आरोप

संतोष का आरोप है कि इसके बावजूद पत्नी के पिता उसकी दूसरी शादी राजकुमार गौड़ के साथ करा दी। यह शादी 6 जुलाई 2026 को स्टाम्प अनुबंध पत्र के माध्यम से किए जाने की बात सामने आई है। संतोष का कहना है कि उसका कोमल से कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है, इसके बाद भी उसकी दूसरी शादी करा दी गई।

ससुराल पहुंचने पर हुआ विवाद

पत्नी की दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद संतोष अपने ससुराल पहुंचा। यहां पत्नी के भाई विकास और सुरेंद्र ने उसके साथ अभद्रता की और मारपीट की। पत्नी के परिवारवालों ने संतोष को धक्के मारकर घर से निकाल दिया, इसके बाद पीड़ित पति थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने विवाह से संबंधित अनुबंध पत्रों को जब्त कर लिया है। अब जांच में यह देखा जा रहा है कि पहली शादी की वैधानिक स्थिति क्या थी, न्यायालय में चल रहे प्रकरण का क्या आदेश था और दूसरी शादी किस प्रक्रिया के तहत कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *