जैसलमेर के 600 मेगावाट मसुरिया सोलर प्लांट में चोरी की नीयत से घुसे और सुरक्षा गार्डों पर गाड़ियां चढ़ाकर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी कान सिंह (25) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फलसूण्ड थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने सैकड़ों किलोमीटर पीछा कर शातिर बदमाश कानसिंह को दबोचा। भारत माला सड़क पर फरार होते हुए पुलिस ने पीछा करते हुए सांचौर के पास उसे गिरफ्तार किया। आरोपी ने चोरी में नाकाम रहने पर कंपनी की दो गाड़ियों को टक्कर मारी थी और गार्डों को कुचलने का प्रयास किया था। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी टीम ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। क्या था पूरा मामला? कैंपर से गार्ड्स को कुचलने का प्रयास रिन्यू सोलर प्लांट मसुरिया के सुपरवाइजर हरिसिंह ने फलसूण्ड थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार 4 जून 2026 की रात आरोपी कानसिंह (25) अपने साथियों के साथ सोलर प्लांट में चोरी के इरादे से घुसा था। जब वहां तैनात सुरक्षा गार्डों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी बोलेरो कैम्पर गाड़ी से गार्डों को मारने की नीयत से जोरदार टक्कर मारी। इस हमले में कंपनी की दो गाड़ियाँ पूरी तरह से टूट गईं और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के आदेश पर पुलिस की एक खास टीम बनाई गई। थानाधिकारी महादेव गोदारा और डीएसटी प्रभारी भीमराव सिंह की टीम ने मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार कई किलोमीटर तक आरोपी का पीछा किया और आखिरकार 23 साल के कानसिंह (निवासी बेतीणा, सांकड़ा) को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से उसके बाकी साथियों और चोरी के अन्य मामलों के बारे में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम फलसूण्ड थाना: थानाधिकारी महादेव गोदारा, कांस्टेबल सवाईसिंह और बाबूसिंह। डीएसटी टीम: प्रभारी भीमराव सिंह, कांस्टेबल हजारसिंह, जगदीश, कैलाश और लीलगिरी।

