पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:राखी से पहले भाई-बहन की चिता जली; प्रेमी जोड़े ने ₹1 करोड़ चुराए; हड़ताली मुलाजिमों पर एक्शन लेगी AAP सरकार

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:राखी से पहले भाई-बहन की चिता जली; प्रेमी जोड़े ने ₹1 करोड़ चुराए; हड़ताली मुलाजिमों पर एक्शन लेगी AAP सरकार

नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर कर्मचारियों की महा-हड़ताल से जुड़ी रही। कर्मचारियों ने काम छोड़कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ झड़प हो गई। वहीं सीएम भगवंत मान ने भी उनके साथ मीटिंग नहीं की। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. महा-हड़ताल में कर्मचारियों की पुलिस से झड़प पंजाब में आज 7 लाख से अधिक सरकारी मुलाजिम और पेंशनर DA समेत 8 मांगों को लेकर महा हड़ताल पर हैं। इसके चलते सरकारी दफ्तर, अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में OPD सेवाएं बंद हैं। जालंधर में मुलाजिमों और पुलिस में धक्कामुक्की हुई। इसी बीच CM भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर मुलाजिमों को दोटूक कहा कि हड़ताल और बातचीत एक साथ नहीं चल सकती। सूत्रों के मुताबिक, जालंधर स्थित PAP में सीएम के साथ कर्मचारी संगठनों की मीटिंग होनी थी, लेकिन सीएम ने मुलाजिमों को बाहर बैठा रखा है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. बिजली बिलों के लिए 2 हेल्पलाइन नंबर जारी पंजाब में गलत या ज्यादा बिजली बिल आने से परेशान उपभोक्ताओं की शिकायतों का अब जल्द समाधान होगा। सरकार ने बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं के लिए दो स्पेशल हेल्पलाइन नंबर शुरू किए हैं। इन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराने के बाद 15 दिनों के भीतर उसका निपटारा किया जाएगा। बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने बताया कि सरकार का मकसद लोगों की बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर करना और उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है। बिजली संबंधी शिकायत के लिए उपभोक्ता 1613105055 या 1616650355 पर कॉल कर सकते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 3. AAP ने SC कमीशन चेयरमैन को हलका इंचार्ज बनाया पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी ने चमकौर साहिब हलके में अपना संगठन मजबूत करने के लिए जसवीर सिंह गढ़ी को हलका इंचार्ज नियुक्त किया है। गढ़ी फिलहाल पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन हैं और बहुजन समाज पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। चमकौर साहिब में अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या अधिक है और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी इसी हलके से चुनाव लड़ते रहे हैं। ऐसे में AAP ने दलित चेहरे को हलके की जिम्मेदारी देकर यहां अपना आधार मजबूत करने की रणनीति बनाई है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. रक्षाबंधन से पहले एक साथ जली भाई-बहन की चिता लुधियाना में रक्षाबंधन से एक दिन पहले भाई-बहन की चिता एक साथ जली। सांप के डसने से बहन पहले बहन की मौत हो गई, फिर 18 घंटे बाद भाई ने भी दम तोड़ दिया। मरने वाले भाई जोबनप्रीत सिंह की उम्र 8 साल और बहन जसप्रीत कौर की उम्र 6 साल थी। दोनों घर के आंगन में सो रहे थे। पहले परिवार को लगा कि उन्हें मच्छर ने काटा है। मगर, जब बच्चों को सांस लेने में दिक्कत हुई और वह जोर-जोर से रोने लगे तो परिवार ने उनके हाथ में डंक देखा। तब खाट के नीचे सांप भी नजर आया। इसके बाद उन्हें अस्पताल लेकर गए लेकिन बचाया नहीं जा सका। (पढ़ें पूरी खबर) 5. सुखबीर बादल पर भड़कीं सांसद अमृतपाल की मां खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की माता बलविंदर कौर ने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग 25 साल तक पंथक बनकर सत्ता में रहे, उन्होंने पंजाब के लिए क्या किया, यह जनता अच्छी तरह जानती है। बलविंदर कौर ने अमृतपाल सिंह पर नशे को लेकर की गई टिप्पणी पर कहा कि इसका फैसला संगत करेगी। जिन लोगों का नशा छुड़वाया गया है, उन्हें सामने लाकर इस मुद्दे पर जवाब दिया जा सकता है। दरअसल, सुखबीर बादल ने कहा था कि इनका मकसद पंजाब का भला करना नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर) 6. लॉरेंस के भाई बोले- सलमान ने माफी को इश्यू बनाया लॉरेंस के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने कहा कि सलमान खान मुकाम धाम आकर माफी मांग ले तो बिश्नोई समाज और लॉरेंस उसे माफ कर देंगे, लेकिन न जाने उसके दिमाग में क्या बैठा है, माफी को इश्यू बना दिया। रमेश बिश्नोई ने कहा कि लॉरेंस हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है तो वहां से नेटवर्क कैसे चला रहा, अमेरिकी जांच एजेंसी का दावा हिंदुस्तान के खिलाफ साजिश है। लॉरेंस अभी गुजरात की साबरमती जेल में बंद हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 7. आतंकी की गोल्डी बराड़ को धमकी- गोली माथे पर लगेगी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को गुरपतवंत सिंह पन्नू ने बदला लेने की धमकी दी है। पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा कि लॉरेंस और गोल्डी बराड़ ने खुद अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि कनाडा या अमेरिका की अदालतों में केस बंद होने के बावजूद वे खालसाई इंसाफ और सजा से नहीं बच पाएंगे। खालसाई इंसाफ की गोली उनके माथे पर लगेगी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. लेडी IAS कंवलप्रीत बराड़ जालंधर ED दफ्तर में पेश पंजाब कैडर की आईएएस अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ 10 दिनों में दूसरी बार जालंधर के ईडी दफ्तर में पेश हुईं। वह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे ईडी कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने रजिस्टर पर पेशी को लेकर हस्ताक्षर किए। किसी से बात किए बिना सीधे अंदर चली गईं। यह कार्रवाई मोहाली स्थित एक प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में की जा रही है। ईडी की जांच के मुताबिक, प्रोजेक्ट के लिए जमीन के लैंड यूज में बदलाव यानी CLU की मंजूरी देने में कथित तौर पर अनियमितताएं हुई थीं। इसी सिलसिले में कंवलप्रीत बराड़ से पूछताछ की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. एनालॉग पनीर की बिक्री पर एक साल तक बैन पंजाब में अब नॉन-डेयरी यानी एनालॉग पनीर की बिक्री नहीं हो सकेगी। सरकार ने इसके उत्पादन, भंडारण, ट्रांसपोर्ट, वितरण और बिक्री पर एक साल के लिए पूरी तरह रोक लगा दी है। फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। जिला स्तर पर डेयरी यूनिट्स, पनीर फैक्ट्रियों, होलसेलर्स, रिटेलर्स, कोल्ड स्टोर और गोदामों की जांच की जाएगी। पनीर का ट्रांसपोर्ट करने वाले वाहनों की भी चेकिंग होगी। होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले पनीर की खरीद का रिकॉर्ड भी जांचा जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. गर्लफ्रेंड पहले रेकी करती, फिर बॉयफ्रेंड संग चोरी करती चंडीगढ़ में कार से 12.50 लाख रुपए कैश और सोने के सिक्के चोरी करने के मामले में पुलिस ने गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। दोनों ने मनीमाजरा में घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से अब तक 5.50 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उनका कनेक्शन सेक्टर-17 की ज्वेलरी दुकान से करीब 1 करोड़ रुपए कैश चोरी के मामले से भी सामने आया है। गर्लफ्रेंड पहले टारगेट की रेकी करती थी और फिर बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर चोरी को अंजाम देती थी। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *