गुरुग्राम बहू की डिलीवरी करवाने जा रहे परिवार का एक्सीडेंट:तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, मां की मौत, गर्भवती पत्नी बाल-बाल बची

गुरुग्राम बहू की डिलीवरी करवाने जा रहे परिवार का एक्सीडेंट:तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, मां की मौत, गर्भवती पत्नी बाल-बाल बची

गुरुग्राम में पटौदी के पास खंडेवला मोड़ के पास एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और गर्भवती बहू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को तुरंत पटौदी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय रेखा के रूप में हुई है।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक घर में नए मेहमान के आने की खुशियों की तैयारियां चल रही थीं। मृतका रेखा की बहू पम्मी गर्भवती है और आज उसकी डिलीवरी की तारीख तय थी। घर में सभी बेहद उत्साहित थे। दोपहर के समय पम्मी को अचानक लेबर पेन शुरू हुई। स्थिति को देखते हुए सास रेखा और बेटा जगप्रवेश तुरंत पम्मी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पास के अस्पताल के लिए रवाना हुए। वे जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचना चाहते थे ताकि पम्मी को समय पर इलाज मिल सके। खंडेवला मोड़ पर काल बनकर आया ट्रक
जैसे ही जगप्रवेश अपनी मां और पत्नी को लेकर पटौदी के खंडेवला मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना के दौरान रेखा सीधे ट्रक के भारी टायरों की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं जगप्रवेश और पम्मी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे। पुलिस जांच में जुटी
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और दोनों घायलों को तुरंत पटौदी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, गर्भवती महिला और उसके पति का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दुखद घटना के बाद से पूरे परिवार और इलाके में शोक की लहर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *