मेडिकल कॉलेज पहुंचे उपमुख्यमंत्री, लिफ्ट बंद मिली:रीवा में अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले- नेशनल कॉन्फ्रेंस से पहले चालू कराई जाए

मेडिकल कॉलेज पहुंचे उपमुख्यमंत्री, लिफ्ट बंद मिली:रीवा में अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले- नेशनल कॉन्फ्रेंस से पहले चालू कराई जाए

रीवा मेडिकल कॉलेज के नवीन एकेडमिक भवन में ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स की नेशनल कॉन्फ्रेंस होने वाली है। सम्मेलन में देशभर से सर्जन और चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल होंगे। तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने भवन की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नवीन एकेडमिक भवन की लिफ्ट बंद मिली। इस पर उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली और नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस होने जा रही है। ऐसे में भवन की सभी व्यवस्थाएं बेहतर और सुचारु होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीन और कंपनी के अलग-अलग दावे
लिफ्ट के रखरखाव को लेकर मेडिकल कॉलेज के डीन और निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के अलग-अलग दावे सामने आए। डीन ने लिफ्ट के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की बताई। वहीं, कंपनी के प्रतिनिधियों ने कहा कि अनुबंध के अनुसार कंपनी की जिम्मेदारी केवल एक साल तक थी। यह अवधि पूरी होने के बाद रखरखाव की जिम्मेदारी खत्म हो गई थी। दोनों पक्षों के दावों के बाद उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी किसकी है, यह बाद में तय किया जा सकता है। फिलहाल सम्मेलन से पहले लिफ्ट समेत भवन की सभी व्यवस्थाएं ठीक होनी चाहिए। उन्होंने भवन में साफ-सफाई, बिजली, पानी, सुरक्षा, आवागमन और बैठने की व्यवस्था की भी जानकारी ली। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की दोबारा जांच कराने और कमियां समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल होंगे
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा मेडिकल कॉलेज में ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स की नेशनल कॉन्फ्रेंस होना जिले के लिए महत्वपूर्ण है। सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल होंगे। इससे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *