सीहोर के नीलकंठ स्थित सरकारी स्कूल में बारिश के दौरान पानी भर जाता है। इससे पूरे परिसर में कीचड़ हो जाता है। स्कूल में पढ़ने वाले 95 बच्चों को परेशानी होती है। बच्चे ठीक से खेल और प्रार्थना भी नहीं कर पाते हैं। यह मामला केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान की कांवड़ यात्रा के दौरान बुधवार को सामने आया। स्कूल की एक शिक्षिका ने उनसे स्कूल की समस्या बताई। समस्या बताते समय शिक्षिका भावुक हो गईं। वहीं, स्कूल के बच्चे भी हाथों में पोस्टर लेकर स्कूल के मैदान को पक्का कराने की मांग की। मामले पर कार्तिकेय चौहान ने कहा कि जो भी समस्या बताई है। उसका समाधान करेंगे। यह हमारी प्राथमिकता है। रास्ते और खेल मैदान में भी कीचड़ स्कूल तक पहुंचने वाले रास्ते पर भी जगह-जगह कीचड़ जमा है। स्कूल का खेल मैदान भी बारिश के बाद कीचड़ से भर जाता है। इससे बच्चों को खेल गतिविधियों में परेशानी होती है। शिक्षिका ने स्थानीय सरपंच पर स्कूल की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। स्कूल की स्थिति को लेकर शिक्षा विभाग पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थायी समाधान की मांग स्कूल में बारिश के दौरान होने वाली परेशानी को दूर करने की मांग की गई है। ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ की ओर से समस्या के स्थायी समाधान की जरूरत बताई गई है।

