खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ की छापेमारी:मऊ में रक्षाबंधन से पहले 702 किलो पनीर-छेना कराया नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ की छापेमारी:मऊ में रक्षाबंधन से पहले 702 किलो पनीर-छेना कराया नष्ट

मऊ में रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को सुबह से शाम तक चली कार्रवाई में टीम ने बसों और मिठाई कारखाने की जांच कर 702 किलो संदिग्ध पनीर, छेना और रसगुल्ला नष्ट कराया। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बलिया से आजमगढ़ जा रही बस से मिला 180 किलो पनीर सहायक आयुक्त खाद्य मंजूषा सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे मऊ शहर में रोडवेज के पास बलिया से आजमगढ़ जा रही एक बस को रोका। तलाशी के दौरान बस से 180 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक पनीर मानव स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित नहीं था, इसलिए उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। निजी बस से 250 किलो छेना बरामद इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे खाद्य विभाग की टीम ने चिरैयाकोट के पास एक निजी बस की जांच की। यहां से 250 किलो संदिग्ध छेना मिला। जांच के बाद इसे भी मौके पर नष्ट करा दिया गया। शाम करीब 5 बजे टीम ने नगर पंचायत चिरैयाकोट स्थित एक मिठाई कारखाने का निरीक्षण किया। यहां 272 किलो छेना और रसगुल्ला संदिग्ध हालत में मिला। खाद्य विभाग ने इसे भी मौके पर ही नष्ट करा दिया। त्योहार को देखते हुए जांच अभियान जारी सहायक आयुक्त खाद्य मंजूषा सिंह ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच लगातार की जा रही है। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकिंग और साफ-सफाई का जरूर ध्यान रखें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *