आजमगढ़ में खाद्य विभाग की छापेमारी:रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग ने 19 खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल, जांच के लिए भेजा गया प्रयोगशाला

आजमगढ़ में खाद्य विभाग की छापेमारी:रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग ने 19 खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल, जांच के लिए भेजा गया प्रयोगशाला

आजमगढ़, मे आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित विशेष प्रवर्तन दल ने जिले के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में छापेमारी कर 19 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभागीय टीम ने निजामाबाद तहसील के सरायमीर से खोया, पनीर और मिल्क केक, फरिहा से नमकीन व रस्क तथा गंभीरपुर से पनीर और खोया के नमूने लिए। लालगंज तहसील के मसीरपुर बाजार से छेना मिठाई, गुलाब जामुन, बेसन, बूंदी लड्डू और बेसन लड्डू के नमूने लिए गए। इसी क्रम में फूलपुर तहसील से छेना पाउडर और बेसन, सदर तहसील से डोडा बर्फी व गाय के दूध तथा नगर पालिका आजमगढ़ क्षेत्र से छेना मिठाई, गुलाब जामुन और कलाकंद के नमूने संग्रहित किए गए। अभी तक लिए जा चुके हैं 27 नमूने
सहायक आयुक्त खाद्य सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत अब तक कुल 27 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। इसके साथ ही 250 किलोग्राम मिठाइयां, जिनकी कीमत करीब 62,500 रुपये थी, जब्त कर नष्ट कराई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सदर और लालगंज तहसील क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों में सचल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच भी की। इस दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं और आमजन को खाद्य पदार्थों की शुद्धता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
सहायक आयुक्त ने बताया कि श्रावण मास और आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर छापेमारी और जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि खुले में या अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का भंडारण और बिक्री न करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *