Kapil Sharma Dubai Cafe: कॉमेडियन कपिल शर्मा का कैफे बिजनेस अब कनाडा से निकलकर दुबई तक पहुंच गया है। उनके कैफे ‘कैप्स कैफे’ का दुबई आउटलेट 31 दिसंबर 2025 को अल किफफ में खुला था। हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह भी यहां पहुंचीं। कैफे के खूबसूरत इंटीरियर के साथ-साथ यहां के मेन्यू की कीमतें भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। यहां एक कप मसाला चाय के लिए करीब 550 रुपये और एक प्लेट पानी पूरी के लिए 800 रुपये चुकाने पड़ते हैं।
550 रुपये की चाय, 800 रुपये की पानी पूरी
कपिल शर्मा के दुबई कैफे के मेन्यू में भारतीय स्ट्रीट फूड से लेकर कॉन्टिनेंटल डिशेज तक शामिल हैं। यहां मसाला चाय की कीमत 550 रुपये, जबकि देसी पानी पूरी की एक प्लेट 800 रुपये की है। सेव पूरी के लिए 905 रुपये देने पड़ते हैं। इसके अलावा, एक डोसा 775 रुपये और आलू पराठा 700 रुपये का है। बॉम्बे सैंडविच और एवोकाडो टोस्ट, दोनों की कीमत 1,034 रुपये बताई गई है। फ्रेंच टोस्ट के लिए 1,300 रुपये चुकाने होंगे।
पिंक और गोल्डन थीम में सजा है कैफे
‘कैप्स कैफे’ का इंटीरियर पेरिस की पेस्ट्री शॉप से प्रेरित है। यहां हल्के गुलाबी, सफेद और आइवरी रंगों के साथ गोल्डन फिनिशिंग का इस्तेमाल किया गया है। सफेद मार्बल और सलीके से सजावट कैफे को लग्जरी लुक देती है। इसका डिजाइन सोशल मीडिया पर तस्वीरें लेने के लिहाज से भी आकर्षक बनाया गया है।
कपिल शर्मा ने पिछले साल जुलाई में कनाडा में अपना पहला ‘कैप्स कैफे’ खोला था। इसके बाद ब्रांड का विस्तार दुबई तक हुआ। हाल ही में भारती सिंह की यहां मौजूदगी भी चर्चा में रही।
पास्ता सबसे महंगी डिश, एस्प्रेसो भी 490 रुपये की
कैफे के मेन्यू में पास्ता भी शामिल है। यहां पेने पास्ता की कीमत 1,604 रुपये बताई गई है, जो दिए गए मेन्यू विकल्पों में सबसे महंगी डिश है। वहीं, दाल मखनी की कीमत 1,035 रुपये है।
कॉफी पसंद करने वालों के लिए एस्प्रेसो भी उपलब्ध है, लेकिन इसकी कीमत 490 रुपये है। इसके अलावा, कैफे में मैक्सिकन बाउल, बटर चिकन, पैनकेक, डिजाइनर केक और कई तरह के ड्रिंक्स भी मिलते हैं। इस मेन्यू की खास बात यह है कि पानी पूरी, चाय और पराठे जैसी रोजमर्रा की भारतीय पसंदीदा चीजों को भी प्रीमियम कीमतों पर पेश किया गया है।
कनाडा वाले कैफे पर हुई थी गोलीबारी
कपिल शर्मा का कैफे पिछले साल कनाडा में हुई गोलीबारी की घटनाओं को लेकर भी सुर्खियों में रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैफे खुलने के कुछ ही समय बाद उस पर गोलीबारी हुई थी। अगस्त में भी ऐसी ही घटना की खबर आई, जबकि अक्टूबर में चलती गाड़ी से की गई गोलीबारी में कैफे के सामने का शीशा टूट गया था।
कुछ रिपोर्ट्स में इन हमलों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ा गया था, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई। इन घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर भी सामने नहीं आई थी। बता दें, नवंबर में अपनी फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ के प्रमोशन के दौरान कपिल शर्मा ने इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि हर गोलीबारी की घटना के बाद कैफे को और भी अच्छी ओपनिंग मिली। कपिल ने कहा था, “हर गोलीबारी की घटना के बाद, हमें कैफे में और भी अच्छी ओपनिंग मिली। इसलिए, अगर भगवान मेरे साथ हैं, तो सब ठीक है।”

