गोरखपुर के सिकरीगंज के अहिरौली खुर्द निवासी ठेकेदार शिव कुमार त्रिपाठी हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 8 अगस्त को घटना हुई थी। सोमवार शाम इसमे नामजद आरोपी विनोद, उसकी पत्नी राजकुमारी, बेटा राहुल, चचेरे भाई साहुल को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई तलवार और खंती भी बरामद कर ली है। हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इसके साथ पुलिस जल्द ही मामले में न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। सिर पर खंती से किया था पहला वार एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी के मुताबिक, विवेचना में सामने आया है कि विंदनिवास चौधरी, उसके भाई राहुल चौधरी और भानू चौधरी समेत परिवार के अन्य लोगों ने शिव कुमार की हत्या की साजिश रची थी। साजिश के तहत बिंद कुमार चौधरी ठेकेदार शिव कुमार को उनके घर तीन बार बुलाने पहुंचा था। आरोप है कि शिव कुमार के खाना खाने के लिए बैठते ही राहुल चौधरी ने उनके सिर और पीठ पर खंती से वार किया। गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को अस्पताल ले जाते समय उनके नाबालिग भतीजे ने तलवार से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस हत्याकांड की साजिश में परिवार के अन्य लोग भी शामिल थे। जिनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस एक नाबालिग समेत 5 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। चार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया। अब नामजद अन्य आरोपियों विनोद, राजकुमारी, राहुल और साहुल को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हत्या में इस्तेमाल तलवार और खंती की बरामदगी को भी विवेचना में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
जल्द दाखिल की जाएगी चार्जशीट पुलिस शिव हत्याकांड की विवेचना को अंतिम रूप देने में जुटी है। अभियोजन की मदद से मामले में जुटाए गए साक्ष्यों और कानूनी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी होते ही आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
एनएसए की कार्रवाई की तैयारी एसपी साउथ दिनेश पुरी के मुताबिक, हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए इसमें शामिल आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। पुलिस ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका और उनके खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है। आगे की कार्रवाई विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

