फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल के SNCU में बेड खाली नहीं:नवजात को भर्ती कराने पहुंचे पिता ने बुलाई पुलिस, 16 बेड पर 31 बच्चे

फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल के SNCU में बेड खाली नहीं:नवजात को भर्ती कराने पहुंचे पिता ने बुलाई पुलिस, 16 बेड पर 31 बच्चे

फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल महिला विंग के स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में नवजात को भर्ती न करने पर हंगामा हो गया। बेड खाली न होने का हवाला देकर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने नवजात को भर्ती करने से मना कर दिया, जिसके बाद नवजात के पिता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। यह घटना रात करीब 8:30 बजे की है, जब एक पिता अपने नवजात बच्चे को लेकर एसएनसीयू पहुंचा। उसने बच्चे को भर्ती करने का अनुरोध किया, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने बेड न होने की बात कहकर इनकार कर दिया। शमशाबाद निवासी जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी तीन दिन की बच्ची की तबीयत खराब थी और उसे ऑक्सीजन की जरूरत थी। उनकी पत्नी एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती हैं, जहां बच्ची का इलाज चल रहा था। निजी अस्पताल में एसएनसीयू का शुल्क अधिक होने के कारण वह बच्ची को लोहिया अस्पताल लेकर आए थे।
जितेंद्र के अनुसार, उन्हें पहले भी लोहिया अस्पताल में बेड खाली न होने की बात कहकर लौटा दिया गया था। बच्ची तीन दिन से निजी अस्पताल में भर्ती थी, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया था। रविवार शाम को वह फिर बच्ची को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, लेकिन इस बार भी उन्हें बेड खाली न होने की जानकारी दी गई। इस बार जितेंद्र ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो स्टाफ ने बताया कि एसएनसीयू में 16 बेड पर 31 बच्चे भर्ती हैं और जगह बिल्कुल नहीं है। सभी भर्ती बच्चों को ऑक्सीजन की आवश्यकता है।स्टाफ ने जितेंद्र को सलाह दी कि वह अपने बच्चे को हायर सेंटर रेफर करा लें, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। पुलिस ने भी उन्हें स्थिति समझाई। इसके बाद जितेंद्र अपने बच्चे को लेकर वापस निजी नर्सिंग होम चले गए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *