उज्जैन की चिमनगंज मंडी पुलिस ने 20 ग्राम MD ड्रग्स के साथ मंदसौर जिले के एक आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया है। जब्त MD की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह किसी व्यक्ति को MD देने के लिए उज्जैन आया था। हालांकि, वह व्यक्ति कौन है और आरोपी को ड्रग्स किससे मिली, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस को देखकर भागने लगा उज्जैन-गरोठ सर्विस रोड पर पुलिस गश्त कर रही थी। कार्मल कॉन्वेंट स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान राकेश पिता गोवर्धन हिलोरिया निवासी ग्राम महुआ, थाना सीतामऊ, जिला मंदसौर के रूप में हुई। तलाशी में उसकी पैंट की जेब से पारदर्शी जिपर पॉलीथिन में सफेद-भूरे रंग का संदिग्ध पदार्थ मिला। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर 20 ग्राम MD निकली। पुलिस ने MD के साथ आरोपी का विवो V29 5G मोबाइल भी जब्त किया है। थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के किसी व्यक्ति को MD देने के लिए उज्जैन आने की जानकारी मिली है। अभी उसने उस व्यक्ति के बारे में जानकारी नहीं दी है। पुलिस रिमांड में उससे ड्रग्स की सप्लाई, लेने वाले व्यक्ति और अन्य जुड़े लोगों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। कॉल डिटेल से खंगाल रहे ड्रग नेटवर्क पुलिस ने आरोपी के पास से जब्त मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य जानकारी खंगालना शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में था और उसके संपर्कों का ड्रग्स नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस के अनुसार फिलहाल 20 ग्राम MD जब्त की गई है, लेकिन मोबाइल और कॉल डिटेल से जुड़े लोगों की जांच के आधार पर ड्रग्स सप्लाई से जुड़े बड़े खुलासे की संभावना है।

