अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा के तत्वावधान में संभल रोड स्थित सिरोही बैंक्विट हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह का जाट समाज की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि कैबिनेट मंत्री बनने के बाद चौधरी भूपेंद्र सिंह का बिलारी में यह प्रथम आगमन है, जिसके चलते सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इससे पूर्व गन्ना समिति बिलारी में समिति अध्यक्ष चौधरी विजय सिंह के नेतृत्व में सभा आयोजित कर कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया गया। इसके बाद वह सिरोही बैंक्विट हॉल पहुंचे, जहां क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में जाट समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने सभी राजनीतिक मतभेदों और द्वेषों को भुलाकर एकजुट रहने का आह्वान किया। साथ ही बिलारी विधानसभा सीट को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मजबूत करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने बिलारी विधानसभा से चुनाव लड़ने को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह इस सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि वह वर्तमान में कैबिनेट मंत्री हैं और पार्टी की सेवा करना चाहते हैं। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, वह उसका समर्थन करेंगे, लेकिन स्वयं बिलारी विधानसभा से चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने जाट समाज को भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों से अवगत कराते हुए समाज से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर हुई। इसके बाद अतिथियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी विजयपाल सिंह ने की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, चौधरी ऋषिपाल सिंह, विकास गुप्ता, लवली यादव, पालिका अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव, एडवोकेट देवेश शर्मा, चौधरी विजय भान, पूर्व एमएलसी चौधरी चंद्रपाल सिंह, अनिल चौधरी, मंगल सेन सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन चौधरी भूरे सिंह फौजी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जाट समाज के लोगों ने सहभागिता की।

