कानपुर बीते तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश बीच शनिवार सुबह भी मौसम सुहावना रहने की संभावना है। सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और कई इलाकों में हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। दिन चढ़ने के साथ कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने के भी आसार हैं। अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हल्की से भारी बारिश की संभावना मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार क्षेत्र में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसूनी ट्रफ लाइन के प्रभाव से अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। 31.5 डिग्री रहा तापमान सीएसए की शुक्रवार की मौसम रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में 18.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत रही। अधिक नमी के कारण बारिश थमने और धूप निकलने के दौरान उमस बढ़ सकती है। गंगा घाटों पर सीढ़ियां डूबी लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। शहर में परमट, सरसैया घाट, गुप्तार घाट और अटल घाट में सीढ़ियां डूब गई हैं। गंगा बैराज से 544373 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। शुक्लागंज पर गंगा का जलस्तर 112.060 मीटर रहा। इस स्थान पर चेतावनी बिंदु 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है।

