सुकन्या योजना जमा कराने पहुंचे पिता को पोस्टमास्टर ने लौटाया:ऑनलाइन मदद मांगने पर बोले- ‘यह मेरी जिम्मेदारी नहीं, यूट्यूब से सीखो’

सुकन्या योजना जमा कराने पहुंचे पिता को पोस्टमास्टर ने लौटाया:ऑनलाइन मदद मांगने पर बोले- ‘यह मेरी जिम्मेदारी नहीं, यूट्यूब से सीखो’

शाजापुर के मक्सी में केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक पिता को अपनी 11 वर्षीय बेटी के खाते में ऑनलाइन राशि जमा कराने में मदद मांगने पर पोस्टमास्टर ने सहयोग करने से इनकार कर दिया। पोस्टमास्टर ने कथित तौर पर कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी नहीं है और उपभोक्ता यूट्यूब पर देखकर खुद जमा करे। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर को जॉनसन डेविड नामक व्यक्ति अपनी बेटी के सुकन्या समृद्धि खाते में राशि जमा कराने मक्सी पोस्ट ऑफिस पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें ऑनलाइन जमा प्रक्रिया में तकनीकी सहायता की आवश्यकता थी। लेकिन, पोस्ट ऑफिस में पदस्थ पोस्टमास्टर धर्मेंद्र सोनी ने उनकी समस्या सुनने के बजाय कहा, “यह मेरी जवाबदारी नहीं है, यूट्यूब पर जाकर देख लो और खुद जमा कर दो। सुकन्या योजना हमारी जवाबदारी नहीं है।” उपभोक्ता जॉनसन डेविड का आरोप है कि वे पोस्ट ऑफिस से तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन लेने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें समाधान देने के बजाय टालने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे सरकारी योजना की भावना के विपरीत बताया, जहां बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मक्सी पोस्ट ऑफिस के अधिकारी अक्सर उपभोक्ताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने या अन्य सेवाओं, जैसे आधार कार्ड बनवाने, में परेशान करते हैं। उपभोक्ताओं को सेवा देने के बजाय उन्हें बेवजह भटकाया जाता है। आम नागरिकों का कहना है कि पोस्ट ऑफिस का उद्देश्य जनता को सेवाएं उपलब्ध कराना है, न कि उन्हें इंटरनेट और यूट्यूब के भरोसे छोड़ देना। यदि सरकारी कार्यालयों में बैठे कर्मचारी ही अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने लगें, तो आम जनता आखिर किससे मदद की उम्मीद करे। समय पर मार्गदर्शन नहीं मिलने और कर्मचारियों के असहयोगात्मक रवैये के कारण लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। मामले को लेकर भास्कर ने जब पोस्ट विभाग उज्जैन हेड ऑफिस के एएसपी बीएके सचान से बात की तो उन्होंने बताया की पोस्ट विभाग की सभी योजनाओं के लिए सभी अधिकारियों ओर कर्मचारियों को ट्रेनिंग देकर ही पोस्टिंग दी जाती है।अधिकारी ने मक्सी पोस्ट ऑफिस के पोस्ट मास्टर धर्मेंद्र सोनी को उनके इस रवैये के लिए जमकर फटकार लगाते हुए उन्हें उपभोक्ताओं से अच्छे से पेश आने ओर काम करने की सख्त लहजे में चेतावनी दी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *