Car Loan Interest Rates: त्योहारी सीजन में नई कार घर लाने का सपना हर किसी का होता है। शोरूम जाकर मनपसंद मॉडल चुनना और डाउन पेमेंट देना तो आसान है, लेकिन असली सिरदर्दी शुरू होती है लोन के चुनाव से। अक्सर लोग चमक-दमक वाले विज्ञापनों में शुरुआती ब्याज दर देखकर झांसे में आ जाते हैं। बाद में पता चलता है कि प्रोसेसिंग फीस और अन्य छुपे हुए चार्ज ने पूरी ईएमआई का गणित ही बिगाड़ दिया। समझदारी इसी में है कि लोन लेने से पहले ही उसकी कुल लागत का हिसाब-किताब लगा लें।
कहां मिल रहा है सबसे सस्ता लोन?
कार लोन पर बैंकों की शुरुआती ब्याज दरों पर नजर डालें, तो सरकारी बैंकों ने बाजी मार रखी है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र और केनरा बैंक इस समय सबसे कम 7.70 फीसदी सालाना की शुरुआती दर से कार लोन दे रहे हैं। इसके बाद आईडीबीआई बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया हैं, जहां शुरुआती दर 7.75 फीसदी सालाना है। लेकिन यहां एक पेंच है। यह शुरुआती दर उन ग्राहकों को मिलती है जिनका सिबिल स्कोर बेहतरीन हो और प्रोफाइल एकदम मजबूत हो। जरूरी नहीं कि विज्ञापन में दिख रही सबसे कम दर हर किसी को मिल ही जाए। इसलिए लोन लेन से पहले अपना क्रेडिट स्कोर भी चेक कर लें।
कुछ बैंक प्रोसेसिंग फीस में दे रहे छूट
कार लोन लेते समय जो सबसे बड़ा अतिरिक्त झटका लगता है, वह है प्रोसेसिंग फीस। कई बार कम ब्याज देने वाले बैंक भारी-भरकम फाइल चार्ज वसूल लेते हैं। राहत की बात यह है कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र में प्रोसेसिंग फीस पर पूरी छूट मिल रही है। वहीं, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 31 दिसंबर 2026 तक प्रोसेसिंग फीस माफ कर रखी है। बाकी बैंकों में यह फीस एक फिक्स रकम हो सकती है या फिर लोन अमाउंट का एक निश्चित प्रतिशत। इसलिए लोन एग्रीमेंट पर दस्तखत करने से पहले बैंक मैनेजर से सीधे पूछें कि फाइल चार्ज कितना लगेगा और क्या इसमें कोई छूट मुमकिन है।
11 लाख के लोन पर कितनी बनेगी ईएमआई
अगर आप 11 लाख रुपये का कार लोन 7.70 फीसदी ब्याज दर पर 5 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 22,146 रुपये की बनेगी। इस लोन में आप कुल ब्याज 2,28,786 रुपये चुकाएंगे। अगर आप यह लोन सिर्फ 3 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 34,318 रुपये की बनेगी। यहां आप कुल ब्याज 1,35,447 रुपये चुकाएंगे।
अगर आप 11 लाख रुपये का कार लोन 8.50 फीसदी ब्याज दर पर 5 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 22,568 रुपये की बनेगी। इस लोन में आप कुल ब्याज 2,54,091 रुपये चुकाएंगे। अगर आप यह लोन 3 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 34,724 रुपये की बनेगी। यहां आप कुल ब्याज 1,50,074 रुपये चुकाएंगे।

