दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर: इनोवा ने ऑटो को मारी टक्कर, मंदिर जा रही महिला की मौत; 6 घायल

दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर: इनोवा ने ऑटो को मारी टक्कर, मंदिर जा रही महिला की मौत; 6 घायल

Vasant Kunj Road Accident: दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में रफ्तार और शराब के जानलेवा कॉम्बिनेशन ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। राजोकरी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने आगे चल रहे एक लोडिंग ऑटो (छोटा हाथी) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में एक 47 साल की महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चों समेत परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सीलमपुर से गुरुग्राम शीतला माता मंदिर जा रहा था परिवार

हादसे में घायल हुए ऑटो ड्राइवर राहुल ने बताया कि रविवार सुबह उनका पूरा परिवार दिल्ली के सीलमपुर इलाके से गुरुग्राम स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में दर्शन करने के लिए निकला था। सुबह के वक्त जब उनका लोडिंग ऑटो महिपालपुर की ओर जाने वाले राजोकरी फ्लाईओवर से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित इनोवा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो पूरी तरह अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें बैठे लोग सड़क पर छिटक गए। राहुल के मुताबिक, इनोवा कार चला रहा ड्राइवर बुरी तरह से शराब के नशे में धुत था और बेहद लापरवाही से गाड़ी दौड़ा रहा था।

मौसी की मौत, तीन मासूम समेत छह लोग घायल

इस दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक राहुल की 47 साल मौसी कृपा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में 60 साल की सावित्री देवी, 34 वर्षीय नैना और 37 वर्षीय राहुल शामिल हैं। इसके अलावा हादसे में 2 वर्ष, 8 वर्ष और 14 वर्ष की उम्र के तीन मासूम बच्चे भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार चल रहा है।

घायल ड्राइवर ने दिखाई हिम्मत,

हादसे के तुरंत बाद, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद ऑटो ड्राइवर राहुल ने हिम्मत नहीं हारी। उसने मौके से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी इनोवा चालक को दौड़कर दबोच लिया और तुरंत पुलिस को सूचना देकर उनके हवाले कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *