फोन गिरवी रख साइबर ठगों को भेजा पैसा, सोनभद्र के जंगल में छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

फोन गिरवी रख साइबर ठगों को भेजा पैसा, सोनभद्र के जंगल में छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

Sonbhadra Sucide News: सोनभद्र में ठगी होने के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि युवक बीए तृतीय वर्ष का छात्र था और उसके साथ साइबर ठगी हुई, जिसके बाद उसने पास के ही जंगल में जाकर पेड़ से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। जब ग्रामीणों ने युवक के शव को देखा तो उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, निमना गांव के रहने वाले 21 वर्षीय प्रवेश कुमार ने उसके साथ साइबर ठगी होने के बाद आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि उसने कुछ लोगों से पैसे भी उधार लिए थे और अपना फोन भी गिरवी रखकर साइबर ठगों के खाते में पैसे भेजे थे। प्रवेश के बड़े भाई सर्वेश ने बताया है कि प्रवेश शुक्रवार को फॉर्म भरने के लिए बोलकर घर से बाहर गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।

Sonbhadra police X post

अज्ञात के खाते में पैसे ट्रांसफर

सर्वेश ने आशंका जताई है कि उसके भाई के साथ साइबर फ्रॉड किया गया है, जिससे आहत होने के बाद उसने आत्महत्या कर ली है। सर्वेश ने बताया कि उसके भाई ने एक रिश्तेदार से 4100 रुपए और चेतवा में स्थित एक होटल के मालिक से एक हजार रुपए उधार लिए थे। वहीं, उसने चेतवा बाजार में स्थित एक साइबर कैफे से अज्ञात व्यक्ति के खाते में 4100 रुपए भी ट्रांसफर किए हैं।

सर्वेश ने बताया कि दुकानदार ने शंका होने पर प्रवेश को चेताया था कि उसके साथ साइबर फ्रॉड हो चुका है, लेकिन उसने दुकानदार की बात नहीं मानी और पैसे ट्रांसफर कर दिए। यही नहीं जब उसके पास पैसे कम पड़े तो उसने उसी साइबर कैफे के संचालक के पास अपना मोबाइल गिरवी रख दिया और कहा कि वह अगले दिन मोबाइल लेकर जाएगा।

क्या बोली पुलिस

पुलिस ने बताया है कि मृतक के भाई ने तहरीर दी है, जिसके बाद मामले में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने साइबर कैफे संचालक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में जिस व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उसकी भी जांच की जा रही है। मामले में जांच के लिए साइबर सेल की भी मदद ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *