MP Congress MLA- मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह की खाली हो रही राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस हाईकमान ने मीनाक्षी नटराजन को प्रत्याशी बनाया है। इस संबंध में शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) में आयोजित बैठक में पार्टी के 4 विधायक गायब रहे। इनमें पूर्व सीएम कमलनाथ भी शामिल हैं। राज्यसभा चुनावों के संदर्भ में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक में विधायकों की अनुपस्थिति पर सवाल उठे। हालांकि पार्टी नेताओं ने इस पर सफाई भी दी। तीन विधायकों के बैठक में शामिल नहीं हो पाने की अलग अलग वजहें बताई गईं जबकि पूर्व सीएम कमलनाथ बैठक से ऑनलाइन जुड़ गए। कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के 64 में से 62 विधायकों के समर्थन का दावा किया। इधर बीजेपी, कांग्रेस की सीट छीनकर राज्यसभा में तीनों अपने ही सांसद भेजने की जुगत में है। इसके लिए तगड़ी व्यूह रचना की गई है।
प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस विधायक दल की बैठक शाम 5 बजे प्रारंभ हुई। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के साथ इसमें पार्टी की राज्यसभा की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भी उपस्थित रहीं। बैठक में नटराजन के समर्थन में विधायकों से हस्ताक्षर कराए।
अहम बैठक से 4 विधायक गायब रहे
राज्यसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए बुलाई गई इस अहम बैठक से 4 विधायक गायब रहे। यहां तक कि कमलनाथ जैसे बड़े नेता नहीं आए। पूर्व सीएम व विधायक कमलनाथ के अलावा, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक योगेंद्र सिंह बाबा और विधायक वीर सिंह भूरिया भी बैठक में अनुपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने अहम बैठक से विधायकों की गैरमौजूदगी पर स्पष्टीकरण दिया। पार्टी नेताओं के मुताबिक विधायक योगेंद्र सिंह बाबा का दो दिन पहले एक्सीडेंट हुआ जिसकी वजह से वे नहीं आए। विधायक जयवर्धन सिंह को चेन्नई से लौटने में कुछ विलंब हुआ जबकि पूर्व सीएम व विधायक कमलनाथ बैठक से वर्चुअली जुड़ गए थे। बाद में जयवर्धन भी आए और उन्होंने मीनाक्षी नटराजन से मुलाकात की।

मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि पूरी कांग्रेस उनके साथ
विधायक दल की बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें राज्यसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन की हर हाल में जीत का दावा किया गया। प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि पूरी कांग्रेस उनके साथ है। नामांकन के साथ ही बीजेपी के दावों की पोल खुल जाएगी। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों का प्रत्याशी को पूर्ण समर्थन है। मीनाक्षी नटराजन “5 लाख परसेंट” राज्यसभा जाएंगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि बीजेपी भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
बीजेपी ने कांग्रेस की राज्यसभा सीट पर भी जीत का दावा किया
इस बीच बीजेपी ने कांग्रेस की राज्यसभा सीट पर भी जीत का दावा किया है। स्वयं सीएम मोहन यादव ने इसके संकेत दिए। पार्टी के सभी विधायकों को 8 जून तक भोपाल में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।


