धौलपुर। जिले के सैंपऊ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-123 पर भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। टाइल्स से लदा एक ट्रेलर अचानक ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो, एक बाइक तथा पीछे से आ रही मैक्स गाड़ी को टक्कर मारते हुए घर के बाहर सो रहे एक बुजुर्ग को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मैक्स चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में 6 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
रौंदते हुए आगे बढ़ा ट्रेलर
जानकारी के अनुसार गांव उमरारा का पुरा के पास ट्रेलर अचानक नियंत्रण खो बैठा। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रेलर के ब्रेक फेल होना सामने आई है। अनियंत्रित ट्रेलर ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो को टक्कर मारी। इसके बाद वह आगे बढ़ते हुए एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले गया और फिर घर के बाहर सो रहे 80 वर्षीय बच्चू सिंह को घसीटता हुआ काफी दूर तक ले गया।
कार सवार की मौके पर हुई मौत
हादसे के दौरान पीछे से आ रही एक मैक्स गाड़ी भी ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैक्स चालक प्रेम प्रधान (25) निवासी विक्रमपुरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में ये लोग हुए घायल
घायलों में मृतक प्रेम प्रधान का भाई प्रकाश, उसका रिश्तेदार पदम निवासी ओदी का पुरा, खानवा रूपवास और स्कॉर्पियो में सवार ग्वालियर निवासी श्रद्धालु शामिल हैं। बताया गया कि ये लोग सांवलिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे। इसके अलावा घायलों में हरेंद्र जाट, उसकी पत्नी प्रिया, प्रदीप जाट, उसकी चार वर्षीय बेटी मिस्टी तथा अंकित भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्वालियर में घायल ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बच्चू सिंह को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर ट्रेलर के ब्रेक फेल होना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


