संभल के गुन्नौर स्थित बाघऊ गांव में शनिवार को वर्धमार नदी पुनरुद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने “एक जनपद-पांच नदियां” थीम के तहत मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर फावड़ा चलाकर इस कार्य का उद्घाटन किया। उल्लेखनीय है कि इस पुनरुद्धार कार्य से पहले, हाल ही में 5 जून को ग्राम बाघऊ में वर्धमार नदी के कैचमेंट क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित खेरे वाले चमन शाह बाबा दरगाह शरीफ की मजार को हटाया गया था। तहसीलदार रवि सोनकर के निर्देशन में नायब तहसीलदार रजपुरा अनुज कुमार तथा राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई का निरीक्षण किया था। यह कार्य जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में “एक जनपद-पांच नदियां” पहल के तहत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण, जल संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण है। इसके तहत विलुप्तप्राय और अस्तित्वहीन होती जा रही नदियों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। वर्धमार नदी लगभग 14.5 किलोमीटर लंबी है और यह विकास खण्ड गुन्नौर एवं जुनावई से होकर गुजरते हुए आगे चलकर महावा नदी में मिलती है। नदी की पुरानी पहचान बहाल करने के लिए अतिक्रमण हटाने, खुदाई, पौधारोपण और अन्य संरक्षण संबंधी कार्य शुरू किए गए हैं। प्रारंभिक चरण में आठ बुलडोजर लगाकर खुदाई का काम प्रारंभ किया गया है। इस परियोजना के तहत सीएसआर, राज्य वित्त आयोग और वीबी-जीरामजी योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवश्यकतानुसार कार्य कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। डीएम अंकित खंडेलवाल ने कहा कि यहाँ पर जो अरिल नदी, जिसका अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा था, इसके कैचमेंट में कई जगह कब्ज़ा हो रखा था, उसको कब्ज़ा मुक्त कराते हुए उनके विज़न के अनुरूप हम लोग इसको रिस्टोर करने की आज से प्रक्रिया प्रारंभ कर रहे हैं।जेसीबी यहाँ लगी हुई हैं और ये कार्य निरंतर मानसून से पहले हमें कम्प्लीट करना है जिससे मानसून के समय इस नदी में पानी पर्याप्त मात्रा में मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, एसडीएम गुन्नौर विकास चन्द्र, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई विभाग राजीव कुमार और तहसीलदार रवि सोनकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


