ग्वालियर में सगे भाई-भाभी ने लूटा बहन का घर, चोट का ड्रामा नहीं आया काम

ग्वालियर में सगे भाई-भाभी ने लूटा बहन का घर, चोट का ड्रामा नहीं आया काम

Gwalior High Profile Case: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में दिनदहाड़े AC सर्विसिंग के बहाने घर में घुसकर हुई करीब 50 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने दो दिन में ही खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को पकड़ा है और उनसे लूट का लगभग पूरा माल, जेवरात और नकदी बरामद कर लिया है। हैरानी की बात ये है कि वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता के भाई-भाभी हैं जिन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बहन के घर लूट की साजिश रची थी। इतना ही नहीं मास्टमाइंड भाभी ने खुद को चोट पहुंचाकर रो-रोकर पुलिस को लूट की झूठी कहानी सुनाई थी।

4 जून को दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट

ग्वालियर के डबरा में सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाली मोनिका श्रीवास्तव ने 4 जून को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था वो एक कपड़ा दुकान पर काम करती है। दोपहर में उसकी भाभी पिंकी श्रीवास्तव घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक घर पर AC सर्विसिंग करने के बहाने घर पर आए और जबरदस्ती घर में घुस गए। भाभी से मारपीट की और घर में रखे ढाई लाख रुपये नकद और सोने 250 ग्राम सोना, 2 किलोग्राम चांदी के जेवरात लूट ले गए।

सीसीटीवी से मिला सुराग, बयानों पर शक

दिनदहाड़े हुई करीब 50 लाख रुपये की लूट की वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लिया और तुरंत मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। तकनीकी साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को उसी हुलिये के दो लोग बाइक पर जाते हुए सीसीटीवी में नजर आए जो हुलिया मोनिका की भाभी पिंकी श्रीवास्तव ने पुलिस को दिए बयान में बताया था। पुलिस जैसे-जैसे आरोपियों के करीब पहुंच रही थी वैसे-वैसे पिंकी के बयानों में गड़बड़ी आने लगी जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। पुलिस ने पिंकी के पति शुभम श्रीवास्तव को थाने बुलाया और पूछताछ की तो पहले तो वो गुमराह करता रहा लेकिन सख्ती दिखाने पर उसने सारा सच कबूल लिया।

भाई-भाभी ने लूटा बहन का घर

पुलिस की पूछताछ में शुभम श्रीवास्तव ने बताया कि उसकी आर्थिक हालत ठीक नहीं है और इसलिए बहन मोनिका ने उसे व पत्नी पिंकी को घर में अपने साथ रख रखा था। एक दिन पिंकी ने मोनिका की अलमारी के लॉकर में कैश व जेवरात देखे तो उन्हें लालच आ गया और लगा कि इनसे उनकी आर्थिक तंगी दूर हो जाएगी। इसके बाद शुभम ने अपने दोस्त आसिफ खान और सोनू कौशिक के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग की। पिंकी ने प्लानिंग के तहत घर का गेट खुला रखा जिससे दोनों आसानी से घर में घुस सकें और फिर लूट जैसा माहौल दिखाने के लिए अलमारी तोड़ी और घर में भी तोड़फोड़ कराई। इतना ही नहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए पिंकी ने खूद को मामूली चोट भी पहुंचवाई।

दोस्त के घर छिपा रखा था लूट का माल
आरोपियों ने लूट का माल आसिफ खान के घर पर छिपा रखा था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनकी निशानदेही पर आसिफ के घर से 2 लाख 50 हजार रुपये नकद, करीब 252 ग्राम सोने के जेवरात, 1.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात व वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त कर ली है। बरामद किए गए माल की कुल कीमत करीब 49 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *