जोधपुर के MDM अस्पताल में भर्ती इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई ने परिवार से की बात, अब FIR दर्ज कराने की तैयारी

जोधपुर के MDM अस्पताल में भर्ती इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई ने परिवार से की बात, अब FIR दर्ज कराने की तैयारी

जोधपुर। सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग कितनी खतरनाक साबित हो सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण बनी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई अब धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हैं। मानसिक तनाव के चलते विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची अनिता ने शनिवार को अपने परिजनों से इशारों में बातचीत की। मथुरादास माथुर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती अनिता की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि आगामी दो दिनों में वह सामान्य रूप से बोलने और अपना पक्ष रखने की स्थिति में आ सकती हैं।

यह वीडियो भी देखें

अस्पताल में भर्ती अनिता ने शनिवार सुबह अपने परिवार के सदस्यों को इशारों में बताया कि अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है। उनके पति दीनाराम ने बताया कि वह अभी ज्यादा बातचीत नहीं कर पा रही हैं, लेकिन आसपास हो रही बातों को समझ रही हैं और प्रतिक्रिया भी दे रही हैं। उन्होंने बताया कि सुबह मुलाकात के दौरान जब उनसे स्वास्थ्य के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इशारे से खुद को ठीक बताया। यहां तक कि अस्पताल के बिस्तर को व्यवस्थित करने की जरूरत महसूस होने पर भी उन्होंने संकेत देकर अपनी बात समझाई।

Anita Bishnoi Health Update

दीनाराम ने कहा कि उनकी पत्नी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर लगातार हो रही अभद्र टिप्पणियों और ट्रोलिंग से बेहद परेशान थीं। कुछ लोगों ने उनके पहनावे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई थीं। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। अनिता के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद दोनों मीडिया के सामने आकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगे।

Anita Bishnoi Health Update

जोधपुर एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि अनिता का उपचार आईसीयू में जारी है। फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर या ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता नहीं है। उनकी हालत लगातार सुधर रही है और चिकित्सकीय निगरानी में उन्हें बेहतर उपचार दिया जा रहा है। गौरतलब है कि बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी निवासी अनिता बिश्नोई सोशल मीडिया पर एक लोकप्रिय इन्फ्लुएंसर हैं। उनके विभिन्न मंचों पर करीब 20 लाख फॉलोअर्स हैं। हाल ही में महिलाओं की वेशभूषा और सामाजिक मूल्यों से जुड़े एक वीडियो और पोस्ट के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जाने लगा था।

Anita Bishnoi Health Update

परिजनों का आरोप है कि लगातार हो रही आलोचना, कटाक्ष और ट्रोलिंग ने उन पर गहरा मानसिक प्रभाव डाला। इसी तनाव के चलते उन्होंने घर में रखा विषाक्त पदार्थ सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल एमडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। मूल रूप से जैसलमेर जिले के लाठी गांव की रहने वाली अनिता वर्तमान में अपने परिवार के साथ जोधपुर में रहती हैं और खेती-बाड़ी के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *